बिलासपुर…कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम घोरामार में एक 67 वर्षीय अनपढ़ बुजुर्ग के साथ कथित तौर पर ऐसी धोखाधड़ी हुई, जिसने ग्रामीणों को भी हैरान कर दिया। जमीन का नामांतरण कराने का भरोसा दिलाकर दो लोगों ने पहले बुजुर्ग से कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए, फिर करीब चार एकड़ कृषि भूमि किसी अन्य व्यक्ति के नाम बेच दी। आरोप है कि इसी दौरान अधिवक्ता की फीस और अन्य खर्चों का बहाना बनाकर बुजुर्ग के बैंक खाते से करीब सात लाख रुपये भी निकाल लिए गए।

पीड़ित चैनदास मानिकपुरी मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं। परिवार में हुए बंटवारे के बाद उन्हें लगभग चार एकड़ कृषि भूमि मिली थी। जमीन का नामांतरण कराने के लिए उन्होंने एक अधिवक्ता से संपर्क किया। वहीं उनकी मुलाकात संतोषदास मानिकपुरी और सोनूदास मानिकपुरी से कराई गई, जिन्होंने पूरा काम कराने का भरोसा दिलाया।

चैनदास का आरोप है कि वह पढ़े-लिखे नहीं हैं और हमेशा अंगूठा लगाते रहे हैं। आरोपियों ने उन्हें हस्ताक्षर करना सिखाया और भरोसे में लेकर कई दस्तावेजों पर दस्तखत करवा लिए। इतना ही नहीं, उन्हें किसी से इस प्रक्रिया का जिक्र नहीं करने की भी सलाह दी गई।

कुछ समय बाद जब तहसील कार्यालय में रिकॉर्ड की जानकारी ली गई तो पता चला कि नामांतरण कराने के बजाय उनकी जमीन किसी दूसरे व्यक्ति के नाम विक्रय कर दी गई है। इसके साथ ही 27 अप्रैल से 4 मई के बीच अलग-अलग तारीखों में उनके बैंक खाते से करीब सात लाख रुपये भी निकाल लिए गए।

शिकायत मिलने के बाद कोटा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जमीन के विक्रय से जुड़े दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।