बिलासपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत संतोष सिंह को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में उप महानिरीक्षक (DIG) के रूप में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की सुरक्षा व्यवस्था की कमान दी गई है।

दिल्ली मेट्रो को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है। प्रतिदिन लाखों यात्री मेट्रो के माध्यम से दिल्ली और उससे लगे उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा के विभिन्न शहरों के बीच आवागमन करते हैं। ऐसे में मेट्रो के स्टेशनों, परिसरों और यात्रियों की सुरक्षा एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील दायित्व है। संतोष सिंह के व्यापक पुलिसिंग एवं सुरक्षा प्रबंधन के अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

271 स्टेशनों वाले मेट्रो नेटवर्क की सुरक्षा

दिल्ली मेट्रो देश की सबसे महत्वपूर्ण शहरी परिवहन प्रणालियों में से एक है। इसका विस्तृत नेटवर्क दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के प्रमुख शहरों को जोड़ता है। हाल ही में 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो में एक दिन में करीब 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जो मेट्रो के बढ़ते यात्री दबाव और उसके व्यापक महत्व को दर्शाता है।
इतने बड़े यात्री नेटवर्क की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करना CISF के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। संतोष सिंह के सामने यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ स्टेशनों एवं मेट्रो परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।

व्यापक अनुभव
ज्ञातव्य है कि छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में SP/SSP के रूप में सफ़लता पूर्वक नेतृत्व कर चुके संतोष सिंह को छत्तीसगढ़ में विभिन्न जिलों में पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करने का व्यापक अनुभव रहा है। वे प्रदेश के प्रमुख जिलों रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव में SSP/SP के रूप में पदस्थ रह चुके हैं।

इसके अतिरिक्त वे सुकमा में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) तथा दुर्ग में नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। इस प्रकार छत्तीसगढ़ के कुल 11 जिलों में विभिन्न महत्वपूर्ण पुलिस पदों पर रहते हुए, उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, प्रशासनिक प्रबंधन और जनसंपर्क के क्षेत्र में व्यापक अनुभव हासिल किया।

सामुदायिक पुलिसिंग के लिए भी रहे चर्चित

संतोष सिंह को उनकी परिपक्व, संवेदनशील और जनोन्मुख पुलिसिंग के लिए जाना जाता है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग और पुलिस-जन संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य किया। विवादों से दूर रहते हुए प्रशासनिक दक्षता और फील्ड पुलिसिंग के अनुभव ने उनकी कार्यशैली को अलग पहचान दी है।

रणनीतिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का भी अनुभव

जानकारी विदित हो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान संतोष सिंह को महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का अनुभव भी प्राप्त हुआ है। वे हाल ही में हैदराबाद में DIG South Zone-2 के रूप में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक एवं रणनीतिक प्रतिष्ठानों तथा पूर्वी तट के महत्वपूर्ण बंदरगाहों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दायित्व संभाल रहे थे।

नवीन चुनौतियों के लिए तत्पर
संतोष सिंह के अनुसार वे दिल्ली मेट्रो जैसी बड़ी महत्वपूर्ण संस्थान की सुरक्षा जिम्मेदारी संभालने के लिए पूर्ण रूप से तत्पर हैँ , दिल्ली मेट्रो जैसे देश के सबसे बड़े और व्यस्त शहरी परिवहन नेटवर्क की सुरक्षा की जिम्मेदारी, उनके लिए प्रशासनिक एवं सुरक्षा प्रबंधन के अनुभव में एक नई महत्वपूर्ण भूमिका होगी । छत्तीसगढ़ के लिए भी यह गौरव का विषय है कि राज्य कैडर के एक वरिष्ठ IPS अधिकारी को राष्ट्रीय राजधानी की महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।