बिलासपुर…हाईवा वाहन खरीदकर कोल माइंस में चलाने और मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर 17 लाख रुपये की ठगी करने वाले युवक को तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पार्टनरशिप के नाम पर न केवल रकम ऐंठी, बल्कि फर्जी वाहन विक्रय पत्र तैयार कर भरोसे को भी छलनी कर दिया।

पुलिस के अनुसार मधुसूदन हाईट्स, हेमुनगर निवासी वैशाली सिरामे ने थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पड़ोस में रहने वाला सचिन कुमार मानिकपुरी, जो कोल माइंस, कोरबा में कार्यरत है, ने खुद को प्रभावशाली संपर्कों वाला बताते हुए हाईवा वाहन को माइंस में लगाकर अधिक लाभ कमाने का झांसा दिया।

आरोपी ने पार्टनरशिप में हाईवा खरीदने की बात कहकर चरणबद्ध तरीके से 17 लाख रुपये हासिल कर लिए। भरोसा पुख्ता करने के लिए आरोपी ने वाहन से संबंधित दस्तावेज भी दिखाए, जो बाद में फर्जी पाए गए। जब लाभ या वाहन की बात सामने आई तो पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर जांच नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार, आईपीएस को सौंपी गई। जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने जाली वाहन विक्रय पत्र  तैयार कर सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की है।

सीएसपी के निर्देश पर थाना तोरवा में धारा 318(4), 336(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर त्वरित विवेचना की गई। फरार होने से पहले ही पुलिस ने आरोपी सचिन कुमार मानिकपुरी  को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस का कहना है कि आर्थिक अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की आगे भी गहन जांच जारी है।