बिलासपुर… जिला अस्पताल में भर्ती भाभी से मिलने पहुंचे युवक से अस्पताल के बाहर शराब पीने के लिए पैसे मांगना और इनकार करने पर मारपीट करना आरोपी को भारी पड़ गया। तारबाहर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम सरसेनी निवासी कार्तिक वैष्णव की भाभी का जिला अस्पताल बिलासपुर में प्रसव हुआ है। कार्तिक 2 अक्टूबर को उनसे मिलने जिला अस्पताल पहुंचा था। अस्पताल के गार्ड रूम के पास पहुंचने पर भवानी नगर सिरगिट्टी निवासी साजन सिंह उसके पास आया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।

कार्तिक ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट कर दी। घटना की शिकायत तारबाहर थाने में मिलने के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) और 119(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी साजन सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।