रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक वांछित आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, अभिषेक कुमार को दुबई से हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने के बाद गिरफ्तार किया गया। सीबीआई का दावा है कि वह महादेव बुक के जरिए ऑनलाइन बेटिंग और जुए के संचालन, पैनल के समन्वय तथा कथित अवैध कमाई के प्रबंधन से जुड़ा हुआ था।

सीबीआई की अब तक की जांच के अनुसार, अभिषेक कुमार महादेव बुक के तहत ऑनलाइन बेटिंग और जुए का कारोबार संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। एजेंसी के मुताबिक, वह बेटिंग पैनल के संचालन और समन्वय के साथ-साथ रकम एकत्र करने की गतिविधियों से भी जुड़ा था।

जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि बेटिंग और जुए से अर्जित कथित अवैध रकम का इस्तेमाल दुबई में अचल संपत्तियां खरीदने के लिए किया गया।

गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में सीबीआई ने कुछ आपत्तिजनक सामग्री जब्त करने की बात कही है। एजेंसी के मुताबिक, जब्त सामग्री से महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में अभिषेक कुमार की कथित भूमिका सामने आती है। जांच एजेंसी का यह भी कहना है कि वह महादेव ऐप से जुड़े अन्य प्रमुख आरोपियों, जिनमें सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी शामिल हैं, के साथ मिलकर काम करता था।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां सीबीआई को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली। इसके बाद उसे रायपुर अदालत में पेश किया गया। रायपुर कोर्ट ने आरोपी को दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेजा है।

महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज 13 एफआईआर जांच के लिए सीबीआई को सौंपे थे। इसके बाद केंद्रीय एजेंसी ने इन मामलों को अपने हाथ में लेकर जांच शुरू की।

सीबीआई के मुताबिक, अब तक इस मामले में करीब 100 आरोपियों के खिलाफ आठ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। इन मामलों में कथित तौर पर महादेव बेटिंग ऐप के प्रमोटर, पैनल संचालक, हवाला ऑपरेटर और छत्तीसगढ़ सरकार के कुछ सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। एजेंसी ने कहा है कि फरार आरोपियों की तलाश और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

जांच एजेंसी महादेव बेटिंग ऐप के प्रमुख प्रमोटरों को भारत वापस लाने की प्रक्रिया पर भी काम कर रही है। सीबीआई के अनुसार, अब तक सात रेड कॉर्नर नोटिस और दो प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। वहीं, दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

सीबीआई की कार्रवाई के बाद महादेव बेटिंग ऐप मामले की जांच में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ी है