छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने बैंक खाताधारकों के हित में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरगामी फैसला सुनाया है। अक्सर देखा जाता है कि साइबर अपराध की जांच के दौरान किसी एक संदिग्ध लेनदेन के कारण बैंक पूरे खाते को ही फ्रीज (Hold) कर देते हैं, जिससे आम आदमी को अपनी ही मेहनत की कमाई इस्तेमाल करने के लिए दर-दर भटकना पड़ता है। अब बिलासपुर हाईकोर्ट के जस्टिस ए.के. प्रसाद की सिंगल बेंच ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि विवाद केवल एक निश्चित राशि तक सीमित है, तो पूरे बैंक खाते को होल्ड पर रखना न केवल अनुचित है बल्कि खाताधारक के मौलिक वित्तीय अधिकारों का उल्लंघन भी है।

यह मामला बालोद जिले के एक सरकारी कर्मचारी योगेंद्र कुमार मंडावी से जुड़ा है, जिनका भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की राजहरा शाखा में सैलेरी अकाउंट है। दिसंबर 2024 में उनके भाई ने पुराने उधार की रकम लौटाने के लिए उनके खाते में 50 हजार रुपये जमा किए थे।

बाद में भोपाल साइबर सेल ने किसी शिकायत के आधार पर इस लेनदेन को संदिग्ध बताते हुए बैंक को कार्रवाई के निर्देश दिए। बैंक ने तत्परता दिखाते हुए न केवल उन 50 हजार रुपयों पर रोक लगाई, बल्कि योगेंद्र का पूरा सैलेरी अकाउंट ही फ्रीज कर दिया।

इसके चलते उनके खाते में जमा करीब 1,99,816 रुपये फंस गए, जिसमें उनका वेतन और पर्सनल लोन की राशि भी शामिल थी। पीड़ित के लिए स्थिति तब और गंभीर हो गई जब विवादित 50 हजार रुपये दिसंबर 2025 में खाते से काट लिए जाने के बावजूद बैंक ने बाकी की वैध राशि पर से होल्ड नहीं हटाया।

हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए इस स्थिति पर कड़ी आपत्ति जताई। अदालत ने कहा कि जब जांच का दायरा केवल 50 हजार रुपये तक ही सीमित है और वह राशि पहले ही खाते से काटी जा चुकी है, तब पूरे खाते को रोककर रखना न्यायसंगत नहीं है। कोर्ट ने टिप्पणी की कि बैंक की इस कार्रवाई से खाताधारक के नियमित वित्तीय कामकाज पर अनावश्यक और बुरा असर पड़ता है।

अदालत ने भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि वे खाते में केवल विवादित 50 हजार रुपये की राशि को ही होल्ड (Lien) पर रखें और बाकी की गैर-विवादित रकम को तत्काल प्रभाव से जारी करें ताकि पीड़ित अपनी दैनिक जरूरतों के लिए अपने वेतन का उपयोग कर सके।

अदालत का यह फैसला उन हजारों खाताधारकों के लिए एक बड़ी नजीर साबित होगा जिनके खाते साइबर सेल की एक छोटी सी आपत्ति के कारण पूरी तरह बंद कर दिए जाते हैं। हालांकि, जस्टिस प्रसाद ने अपने आदेश में यह भी साफ किया है कि इस राहत का मतलब यह कतई नहीं है कि याचिकाकर्ता को साइबर अपराध की जांच से मुक्ति मिल गई है। कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि याचिकाकर्ता को जांच एजेंसी को पूरा सहयोग करना होगा। यदि साइबर सेल या पुलिस अधिकारी उन्हें जांच के लिए बुलाते हैं, तो उन्हें कानून के अनुसार उपस्थित होना होगा और सभी आवश्यक दस्तावेज व जानकारी उपलब्ध करानी होगी।