छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में सत्ता और पद के दुरुपयोग का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के विधि खंड में पदस्थ सहायक संचालक रामजी पाल पर गंभीर आरोप लगे हैं कि उन्होंने ओआईसी (OIC) पद से हटाए जाने के बावजूद, विभाग के पुराने और निष्प्रभावी आदेश का गलत इस्तेमाल कर हाईकोर्ट में अनधिकृत रूप से जवाब दाखिल कर दिया। इस पूरे मामले का खुलासा छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष केदार जैन ने दस्तावेजों के साथ किया है, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

मामला बिलासपुर हाईकोर्ट में चल रहे एक महत्वपूर्ण केस (WPS No. 4245/2026) से जुड़ा है, जिसमें बीजापुर के व्याख्याताओं ने ‘शिक्षक भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2026’ को चुनौती दी है। इस मामले में सरकार का पक्ष रखने के लिए विभाग ने शुरुआत में 21 मई 2026 को रामजी पाल को प्रभारी अधिकारी (OIC) नियुक्त किया था।

लेकिन चूंकि रामजी पाल स्वयं उसी एबीईओ (ABEO) संवर्ग से आते हैं जिसका हित इस केस से सीधा जुड़ा है, इसे ‘हितों का टकराव’ मानते हुए विभाग ने मात्र 24 घंटे के भीतर 22 मई 2026 को उन्हें हटा दिया था। उनकी जगह हरिश्चंद्र दिलावर को नया ओआईसी बनाया गया था।

हैरानी की बात यह है कि ओआईसी पद से हटाए जाने के दो महीने बाद, 23 जुलाई 2026 को रामजी पाल ने उसी रद्द हो चुके आदेश का उपयोग किया और हाईकोर्ट से फाइल निकलवाकर शासन की ओर से जवाब दाखिल कर दिया। शिक्षक संघ का आरोप है कि यह पूरी कवायद अपने संवर्ग (ABEO) को अनुचित लाभ पहुँचाने के लिए की गई एक गहरी साजिश है। दरअसल, साल 2019 में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बनने के लिए प्राचार्य संवर्ग का कोटा 75% था, जिसे नए 2026 के नियमों में बदलकर एबीईओ संवर्ग के लिए 75% कर दिया गया है।

नियमों के इस उलटफेर से 4500 से अधिक संख्या वाले प्राचार्य संवर्ग के हितों को चोट पहुँची है, जबकि महज 258 की संख्या वाले एबीईओ संवर्ग को बड़ा फायदा दिया गया है।

संघ के प्रांताध्यक्ष केदार जैन के अनुसार, रामजी पाल ने अपने संवर्ग को जीत दिलाने के उद्देश्य से यह ‘कूटरचना’ और ‘आपराधिक षड्यंत्र’ रचा है, जो सीधे तौर पर धोखाधड़ी और 420 का मामला बनता है। प्राचार्य संवर्ग का वेतनमान लेवल 12 है, जबकि एबीईओ का वेतनमान व्याख्याता के समान लेवल 9 है।

ऐसे में कम वेतनमान और कम संख्या वाले संवर्ग को बड़ा कोटा देना पहले से ही विवादों में है, और अब विभाग के ही एक अधिकारी द्वारा अधिकारों का गलत इस्तेमाल कर कोर्ट को गुमराह करने की कोशिश ने आग में घी डालने का काम किया है।

इस गंभीर अनियमितता को लेकर शिक्षक संघ ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव और लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक को लिखित शिकायत सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ की मुख्य मांग है कि शासन को गुमराह करने और हाईकोर्ट में अधिकार विहीन कार्य करने वाले अधिकारी के खिलाफ तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए और विभागीय जांच बिठाई जाए। साथ ही, इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में विभाग के और कौन-कौन से अधिकारी शामिल हैं।