CG News-छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ निवेश के नाम पर सैकड़ों लोगों की मेहनत की कमाई को हड़प लिया गया। चांपा पुलिस ने पोस्ट ऑफिस में आरडी (RD) खाता खुलवाकर करोड़ों रुपये का गबन करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने करीब 150 खाताधारकों को अपने झांसे में लेकर एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि का चूना लगाया है।

पूरा मामला तब उजागर हुआ जब चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, आरोपी कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु और उसकी मां पोस्ट ऑफिस में एजेंट के रूप में कार्य करते थे। उन्होंने अधिक ब्याज और बेहतर रिटर्न का लालच देकर हेमंत का आरडी खाता खुलवाया। पीड़ित ने सितंबर 2022 से फरवरी 2026 के बीच कुल 1,21,200 रुपये जमा करने के लिए एजेंट को दिए थे। आरोपी इन पैसों की एंट्री एक डायरी में कर देता था, जिससे पीड़ित को विश्वास बना रहे। लेकिन जब पीड़ित ने पोस्ट ऑफिस जाकर अपने खाते की जानकारी ली, तो उसके होश उड़ गए। खाते में मात्र 21,000 रुपये ही जमा पाए गए, जबकि बाकी की राशि एजेंट ने डकार ली थी।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 318(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में टीम ने आरोपी कृष्णकांत गुप्ता को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी ने अकेले हेमंत ही नहीं, बल्कि इलाके के करीब 150 लोगों के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी की है, जिसकी कुल राशि 1 करोड़ रुपये से भी अधिक है।

जब पुलिस ने आरोपी से गबन की गई राशि के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि उसने इन पैसों को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश कर दिया था। आरोपी को जल्दी पैसा कमाने का लालच था, जिसके कारण उसने मासूम निवेशकों की राशि दांव पर लगा दी। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन, कई बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में चांपा पुलिस की भूमिका सराहनीय रही। थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सउनि भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रुकसाना बानों, आरक्षक ईश्वरी राठौर और मुद्रिका दुबे सहित पूरी टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाया।