उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहाँ खमरिया स्थित शासकीय कन्या छात्रावास में रहने वाली मासूम छात्राओं ने सुरक्षा गार्ड पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

छात्राओं का कहना है कि सुरक्षा के लिए तैनात गार्ड उनसे अपनी वर्दी धुलवाने, निजी काम करवाने और यहाँ तक कि रात में सोने से पहले मालिश कराने के लिए मजबूर करती थी। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब जिला पंचायत सदस्य राधा रवि हॉस्टल के निरीक्षण पर पहुँचीं और छात्राओं का दर्द छलक पड़ा।

दरअसल, जिला पंचायत सदस्य राधा रवि जब खमरिया स्थित प्री-मैट्रिक गर्ल्स हॉस्टल पहुँचीं, तो वहाँ कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। जब उन्होंने छात्राओं से भोजन, पढ़ाई और व्यवस्थाओं के बारे में बात की, तो छात्राएं भावुक हो गईं और रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। छात्राओं ने बताया कि छात्रावास की गार्ड उनसे रात में मालिश करवाती है और अपनी वर्दी धोने के लिए दबाव बनाती है। यदि कोई छात्रा काम करने से मना करती है, तो उसे दूसरे कमरे में बंद करने या छात्रावास से बाहर निकलवाने की धमकी दी जाती थी। डर और असुरक्षा के साये में रह रही ये मासूम छात्राएं अब तक चुपचाप यह सब झेल रही थीं।

इस छात्रावास में छठवीं से दसवीं कक्षा तक की 80 से अधिक छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं, जिनमें से अधिकांश ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों से आती हैं। छात्राओं ने बताया कि रात में पढ़ाई के समय उनसे निजी काम करवाए जाने के कारण उनकी शिक्षा पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

जिला पंचायत सदस्य ने छात्राओं को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है, वे अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राधा रवि ने तत्काल आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त (AC Tribal) ललित शुक्ला से शिकायत की। शिकायत मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया है। सहायक आयुक्त के निर्देश पर मंडल संयोजक नवीन कुमार कश्यप ने छात्रावास पहुँचकर छात्राओं के बयान दर्ज किए हैं। जांच रिपोर्ट तैयार कर सहायक आयुक्त को भेज दी गई है, जिसके आधार पर जल्द ही कड़ी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

गौरतलब है कि छात्रावासों में सुरक्षा के लिए होमगार्ड के जवानों की तैनाती की जाती है और इनके संचालन की जिम्मेदारी मंडल संयोजकों की होती है। स्कूल के प्रिंसिपल का सीधे तौर पर हस्तक्षेप न होने के कारण अक्सर कर्मचारियों की मनमानी की खबरें सामने आती रहती हैं। कुछ समय पहले अंबिकापुर के ही रघुनाथपुर में भी छात्राओं ने वार्डन की शिकायत के लिए पैदल मार्च किया था, जिसके बाद वार्डन को हटाया गया था।