CG News/बलरामपुर /छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग ने एक रिश्वतखोर कर्मचारी को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय वाड्रफनगर में पदस्थ सहायक ग्रेड-दो गौतम सिंह आयम को जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एम.आर. यादव ने तत्काल प्रभाव से पदच्युत करने का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विशेष न्यायालय द्वारा सुनाई गई सजा के आधार पर की गई है।

पूरा मामला साल 2024 का है, जब गौतम सिंह आयम की मूल पदस्थापना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इंजानी में थी, लेकिन वे बीईओ कार्यालय वाड्रफनगर में अटैच थे। आरोप था कि उन्होंने नितेश रंजन पटेल नाम के व्यक्ति से उनके एरियर्स भुगतान के बदले 20,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।

सौदा तय होने के बाद, 13 अगस्त 2024 को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रायपुर की टीम ने जाल बिछाया और गौतम सिंह को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद वे 48 घंटे से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में रहे, जिसके कारण उन्हें तत्कालीन कलेक्टर के आदेश पर निलंबित कर दिया गया था।

इस मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम रामानुजगंज की अदालत में चली। अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर कोर्ट ने पाया कि आरोपी के खिलाफ रिश्वत लेने के आरोप संदेह से परे सिद्ध होते हैं। 15 मई 2026 को अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए गौतम सिंह आयम को तीन वर्ष के कठोर कारावास और 10,000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड न भरने पर एक महीने की अतिरिक्त जेल की सजा का भी प्रावधान किया गया।

न्यायालय के इस फैसले के बाद जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी कर्मचारी को बर्खास्तगी का आदेश थमा दिया।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी लोक सेवक द्वारा रिश्वत की मांग करना और उसे स्वीकार करना छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम का गंभीर उल्लंघन है। कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद ऐसे कर्मचारी को सेवा में बनाए रखना लोकहित, प्रशासनिक नैतिकता और सार्वजनिक विश्वास के पूरी तरह खिलाफ है। चूंकि सक्षम न्यायालय से दोषसिद्धि हो चुकी थी, इसलिए अलग से विभागीय जांच की आवश्यकता नहीं समझी गई।

सरकारी सेवा से बर्खास्त होने के बाद गौतम सिंह आयम अब भविष्य में किसी भी शासकीय नौकरी के लिए पात्र नहीं रहेंगे। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से भ्रष्टाचार में लिप्त अन्य कर्मचारियों के बीच एक कड़ा संदेश गया है कि जनता के कार्यों के बदले अवैध वसूली करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।