Education News।ग्वालियर। मध्यप्रदेश में शिक्षकों की मूल पदस्थापना सुनिश्चित करने की कवायद तेज हो गई है। लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशों के पालन में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ग्वालियर ने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि यदि कोई शिक्षक अपनी मूल पदस्थापना से हटकर किसी अन्य संस्था या कार्यालय में अटैच अथवा संबद्ध होकर कार्य कर रहा है, तो उसे तत्काल मूल पदस्थापना वाले विद्यालय में कार्यभार ग्रहण कराना सुनिश्चित किया जाए।

5 जुलाई 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा ऑनलाइन बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी शिक्षक अपनी मूल पदस्थापना के अतिरिक्त अन्य किसी संस्था या कार्यालय में अटैच रहकर शैक्षणिक अथवा अन्य कार्य नहीं करेगा।

जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं कि उनके विकासखंड के अंतर्गत कोई भी शिक्षक किसी अन्य संस्था या कार्यालय में अटैच नहीं है। यह प्रमाण पत्र उसी दिन भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि ई-अटेंडेंस व्यवस्था लागू होने के बाद सभी शिक्षकों को “हमारे शिक्षक” एप के माध्यम से अपनी मूल पदस्थापना वाले विद्यालय में उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पूर्व में अटैच किए गए शिक्षकों को भी मूल विद्यालय में कार्यमुक्त कर वापस भेजने के निर्देश जारी किए गए थे।