किसानों का ‘एक-एक दाना’ सुरक्षित: धान खरीदी शुरू, व्यवस्था टाइट – शैलेष गुप्ता

रामानुजगंज (पृथ्वी लाल केशरी)…छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी का विधिवत शुभारम्भ भवरमाल धान खरीदी समिति में उत्साह और पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया गया। शुभ मुहूर्त में तराजू, बाट और खरीदी उपकरणों की पूजा-अर्चना कर समृद्धि और सुचारु खरीदी प्रक्रिया की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक प्रतिनिधि शैलेष कुमार गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष बी.डी. लाल गुप्ता, ग्राम सरपंच अमृत सिंह सहित क्षेत्र के कई वरिष्ठ किसान मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से खरीदी कार्य का शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शैलेष कुमार गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों का एक-एक दाना धान खरीदा जाएगा। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएँ मजबूत की गई हैं।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के बिचौलियों या दलालों से दूर रहें, क्योंकि शासन ने खरीदी से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी बना दी है।
इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी श्रीमती दिवाकर, समिति प्रबंधक और कृषि विस्तार अधिकारी पैकरा ने किसानों को आवश्यक जानकारियाँ देते हुए कहा कि सभी किसान साफ-सुथरा और पूरी तरह सूखा धान लेकर ही केंद्र आएँ। केंद्र में तेज, व्यवस्थित और आसान खरीदी सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
शुभारम्भ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे, जिनमें उपसरपंच संतोष यादव, संजीत गुप्ता, चुन्नू लालमोहन ठाकुर, उत्तम लाल गुप्ता, राजाराम कुशवाहा सहित अनेक किसान शामिल थे। किसानों ने कहा कि समय पर खरीदी शुरू होने से उन्हें राहत मिली है और ऑनलाइन सिस्टम के चलते बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद भी बढ़ी है।









