• बिलासपुर… घर से निकलीं दो बेटियां जब देर शाम तक वापस नहीं लौटीं, तो मां की चिंता बढ़ती गई। अनहोनी की आशंका ने पूरे परिवार को बेचैन कर दिया। हर गुजरते पल के साथ अपनों की चिंता गहराती रही। आखिरकार, करीब 12 घंटे के भीतर दोनों बच्चियों का पता चल गया। मंगला स्थित एक पार्क में दोनों बहनों के सुरक्षित मिलने की खबर घर पहुंची, तो चिंता में डूबे परिवार ने राहत की सांस ली। मां की आंखों में आंसू थे, लेकिन इस बार वजह डर नहीं, बेटियों के सकुशल लौटने की खुशी थी।

सकरी थाना क्षेत्र की रहने वाली दोनों नाबालिग बच्चियां 22 अक्टूबर को घर से बिना बताए निकल गई थीं। शाम से रात तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की। बच्चियों के साथ किसी अनहोनी या उनके अपहरण की आशंका के चलते उनकी मां ने सकरी थाने पहुंचकर सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी संजय सिंदे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने परिजनों के सहयोग से दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी के दौरान उनके मंगला स्थित एक पार्क में होने की जानकारी मिली, जहां से दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि घूमने के दौरान रास्ता भटक गई थीं। दोनों के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार की चिंता दूर हुई। परिजनों ने बच्चियों को सकुशल वापस पाने पर सकरी पुलिस का आभार जताया।

कार्रवाई में सकरी थाना प्रभारी संजय सिंदे, उपनिरीक्षक गणेशराम महिलांगे, प्रधान उपनिरीक्षक अर्चना साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र तिवारी, प्रधान आरक्षक बलराज सिंह और मालती तिवारी तथा आरक्षक मनोज बघेल और पवन बंजारे की भूमिका रही।