मुंबई। बीते जमाने की अभिनेत्री दीप्ति नवल सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं और अपने जज्बात वहां शेयर करती रहती हैं। लेटेस्ट पोस्ट में अभिनेत्री ने बताया कि वह कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले से दुखी हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी पहली कश्मीर यात्रा की झलक भी दिखाई।

इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर अभिनेत्री ने कैप्शन में लिखा, “बैसरन, 1977 – कश्मीर की मेरी पहली यात्रा। मैं पहलगाम की स्थिति, समाचार देखकर, दर्द से तड़पते हमारे भाइयों और बहनों की क्लिप देखकर बहुत दुखी हूं।

मैंने घाटी का कई बार दौरा किया है, लेकिन घाटी में निर्दोष पर्यटकों की हत्याओं से इतनी व्यथित कभी नहीं हुई। धर्म के नाम पर शहीद हुए सभी लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। यह शर्मनाक है!”

शेयर की गई तस्वीर में दीप्ति नवल कश्मीर की खूबसूरत वादियों में बैठी नजर आईं। उनके पास कश्मीर के एक स्थानीय नागरिक भी बैठे नजर आए।

दीप्ति की पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स भी कमेंट करते नजर आए।

एक यूजर ने लिखा, “इस घिनौने और निंदनीय कृत्य से हम भी सदमे में हैं।”

दूसरे यूजर ने लिखा, “आपके जमाने में कश्मीर जन्नत था दीप्ति, मगर अब लोगों ने क्या ही बना दिया है।”

एक अन्य ने लिखा, “यह दिल तोड़ने वाला है। दर्द के साए में ऐसी खूबसूरती को देखना दिल दहला देने वाला है। इस याद को साझा करने के लिए धन्यवाद – घाटी और उसके लोगों में शांति लौट आए। इस बार अपराधियों को जीवन भर का सबक सिखाया जाएगा।”

एक यूजर ने लिखा, “वह गोल्डन टाइम था और मौत का डर नहीं होता था। इस भय से मुक्त होकर प्रकृति का आनंद लेते थे।”

बता दें, अभिनेत्री का कश्मीर से गहरा रिश्ता है। नवल ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि जब वह 13 साल की थीं, तब अपने जन्म स्थान अमृतसर से भागकर कश्मीर चली गई थीं।