रायपुर (मनीष जायसवाल) ।देश में आठवें वेतन आयोग को लेकर बहस अभी सोशल मीडिया, सरकारी फाइलों और कागजों की गलियों में भटक रही है, लेकिन असम की हिमंता बिस्वा सरमा की सरकार  इस दौड़ में पहला कदम बढ़ाकर सियासी शतरंज की बिसात पर अपनी चाल चल देश भर के कर्मचारियों अधिकारियों के बीच चर्चा में आ गई है।
सातवें वेतन आयोग की अवधि एक जनवरी 2026 को समाप्त होने से पहले ही असम सरकार ने आठवें राज्य वेतन आयोग का गठन कर यह संकेत दे दिया कि वह कर्मचारियों के भविष्य को आखिरी घंटी बजने के बाद नही समय रहते तय करना चाहती है..। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की ओर से पूर्व मुख्य सचिव सुभाष दास को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त करना एक आम सा प्रशासनिक फैसला नहीं, दरअसल यह एक राजनीतिक संदेश भी है कि लोक कल्याणकारी सरकार अपने कर्मचारियों को सम्मान चुनावी भाषणों की बजाय नीति के दस्तावेजों में देना चाहती है।

वेतन आयोग की सिफारिशें भले ही प्रभावी तारीख एक जनवरी 2026 मानी जा रही हों, लेकिन परंपरा यही बनी है कि वेतन और पेंशन के असली लाभ का मौसम देर से लोगों तक पहुंचता है, जिसके देश और प्रदेश में 2027-28 या 2028-29 तक छाने के आसार लगते है…। ऐसे में असम सरकार का यह कदम उस किसान की तरह है जो मानसून से पहले ही बीज बो देता है, ताकि फसल समय पर तैयार हो। आयोग को रिपोर्ट देने में लगभग 18 महीने लग सकते हैं, पर समय से पहले गठन ने असम सरकार को वह बढ़त दे दी है, जिससे संभव है कि राज्य के कर्मचारियों को वेतन वृद्धि का लाभ केंद्र से पहले मिल जाए।

इधर इस फैसले पर अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन से जुड़े शिक्षक नेता केदार जैन ने भी कार्मिक राजनीतिक लहजे में प्रतिक्रिया दी है उनका कहना है कि यदि छत्तीसगढ़ सरकार भाजपा शासित असम सरकार के नक्शे कदम पर चलते हुए आठवें वेतन आयोग की दिशा में ठोस पहल करे और साथ ही फेडरेशन की 11 सूत्रीय मांगों तथा मोदी की गारंटी को राज्य में तत्काल लागू करे, तो कर्मचारियों सरकार के प्रति जमी असंतोष की बर्फ पिघल सकती है..।

कार्यक्रम कर्मचारी फेडरेशन के प्रांतीय पदाधिकारी राजेश चटर्जी कहते हैं कि आठवां वेतनमान केवल कर्मचारियों के लिए नहीं वास्तव में राज्य और केंद्र दोनों के लिए लाभकारी साबित होगा। कर्मचारियों को आर्थिक लाभ होगा, वहीं केंद्र सरकार को भी इस वेतनमान के लागू होने से अच्छा-खासा आयकर मिलेगा। सरकार का पैसा घूमकर सरकार के पास ही आएगा। इसलिए इसमें राज्य सरकार को ज्यादा सोचने-समझने की जरूरत नहीं है।

राजेश चटर्जी कहते हैं कि जब तक सरकार की नाव वादों के चप्पू से चलती रहेगी, कर्मचारी किनारे खड़े रहेंगे, लेकिन जैसे ही फैसलों की पतवार चलेगी, वही कर्मचारी सरकार के साथ खड़े दिखाई देंगे। अब तय सरकार को करना है कि वह किस ओर है।

कुल मिलाकर असम की हिमंत बिस्वा सरमा सरकार ने वेतन आयोग के जरिए यह साफ कर दिया है कि कर्मचारी केवल वोट बैंक नहीं, वास्तव में शासन की रीढ़ हैं। अब देखना यह है कि छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्य इस राजनीतिक घड़ी की टिक-टिक सुनते हैं या फिर हमेशा की तरह अलार्म बजने के बाद नींद से जागते हैं।