बिलासपुर… निर्माणाधीन मकान में परिवार के सोने के दौरान चोरी की घटना का सरकंडा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के संदेह में अशोक नगर निवासी कैलाश साहू (27) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मोबाइल और दो पावर बैंक समेत चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान की कीमत करीब 27 हजार रुपए है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार अशोक नगर निवासी सबिना बेगम ने 26 सितंबर को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर की रात वह अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन मकान में सोई थीं। मकान में अभी दरवाजा नहीं लगा है और प्रवेश के लिए त्रिपाल लगा हुआ था। सुबह करीब छह बजे उठने पर कपड़ों के बैग में रखा सामान गायब मिला। इसमें आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मंगलसूत्र और पायल के अलावा पड़ोसी रईस खान का मोबाइल और पावर बैंक भी शामिल था।

रिपोर्ट के बाद पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास की गतिविधियों और संदिग्धों की पतासाजी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कैलाश साहू चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने दो पावर बैंक, जियो कंपनी का कीपैड मोबाइल, 21 नग बड़ी और 114 नग छोटी सिल्वर रंग की आर्टिफिशियल ज्वेलरी तथा सोने के रंग के 27 आर्टिफिशियल मंगलसूत्र बरामद किए।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।