बिलासपुर..बंगाल की खाड़ी के ऊपर उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ के प्रभाव और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए बिलासपुर जिले में गुरुवार, 29 अक्टूबर को सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को आदेश जारी कर जिले के समस्त शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से अतिवृष्टि की आशंका है। ऐसे में विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में परेशानी होने के साथ ही उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी का निर्णय लिया है।

जारी आदेश के मुताबिक, जिले के सभी शासकीय और अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी यह आदेश कलेक्टर की अनुमति से निकाला गया है। इसकी प्रतिलिपि राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग, लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर कार्यालय, शिक्षा संभाग के संयुक्त संचालक और जिले के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को भेजी गई है। सभी संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों और प्रधानपाठकों को भी आदेश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।