LIVE UPDATE
Chhattisgarh

मक्के की आड़ में नशे की खेती: कोंडागांव पुलिस ने मक्के के खेत से उखाड़े 10 लाख के गांजे के पौधे, दो तस्कर गिरफ्तार!

केशकाल विधानसभा क्षेत्र के फरसगांव थाना अंतर्गत ग्राम पावरास से अवैध गांजा खेती का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां किसानों द्वारा मक्के की फसल के बीच छिपाकर गांजे की खेती की जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 686 पौधे जब्त किए हैं, जिनका कुल वजन 21 किलो 36 ग्राम है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने एक अनोखी और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। केशकाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फरसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पावरास में पुलिस ने मक्के के खेत के बीचों-बीच चल रही गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है।

तस्करों ने कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए मक्के की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रखे थे, ताकि किसी को भनक न लग सके। हालांकि, पुलिस की पैनी नजरों से यह ‘नशे की खेती’ छिप नहीं सकी और छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में गांजा जब्त किया गया है।

इस चौंकाने वाले मामले की जानकारी मिलते ही कोंडागांव पुलिस अधीक्षक (SP) पंकज चंद्रा ने तत्काल संज्ञान लिया और एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने जब पावरास गांव के खेतों में दबिश दी, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। मक्के की ऊंची फसल के बीच छिपाकर गांजे के पौधे लगाए गए थे, जो करीब 3 से 4 फीट तक बढ़ चुके थे।

पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 686 हरे-भरे पौधे उखाड़कर जब्त किए। जब्त किए गए इन पौधों का कुल वजन 21 किलो 36 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच में यह बेहद दिलचस्प और चिंताजनक तथ्य सामने आया है कि इस अवैध खेती में शामिल दोनों आरोपी पिछले 10 से 12 वर्षों से गांजा पीने की लत के शिकार हैं।

नशे की इसी लत ने उन्हें न केवल सेवन तक सीमित रखा, बल्कि खुद ही गांजा उगाने के लिए प्रेरित कर दिया। आरोपियों ने मक्के की बुवाई के समय ही गांजे के बीज भी बो दिए थे ताकि बाहर से देखने पर किसी को शक न हो और फसल के साथ-साथ गांजे की खेती भी फली-फूली रहे। काफी समय से चल रही इस अवैध गतिविधि पर पुलिस की रेड ने अब विराम लगा दिया है।

फरसगांव एसडीओपी (SDOP) अभिनव उपाध्याय ने इस बड़ी सफलता की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने न केवल मादक पदार्थों की खेप पकड़ी है, बल्कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त दो युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

Back to top button
close