Smriti Irani CG -रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के पहले प्रवास में सादगी की झलक देखने को मिली। रायपुर एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद उन्होंने पायलटिंग के लिए लगाई गई गाड़ियों को वापस लौटा दिया। पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भी उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को परिसर के बाहर रहने के लिए कहा। उनके निर्देश के बाद स्वागत रैली का कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पार्टी कार्यालय पहुंचकर स्मृति ईरानी से मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

Smriti Irani CG -प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं।

उनके स्वागत के लिए पार्टी की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। हालांकि, स्मृति ईरानी की हिदायत के बाद स्वागत रैली नहीं निकाली गई। एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने दोनों नेताओं का स्वागत किया। स्मृति ईरानी ने मीडिया से बातचीत नहीं की और पार्टी की गाड़ी से सीधे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचीं।

Smriti Irani CG -पार्टी कार्यालय में स्मृति ईरानी ने प्रदेश पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इसके बाद वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अन्य नेताओं के साथ अभनपुर रवाना हुईं। वहां एक विवाह भवन में स्मृति ईरानी, मुख्यमंत्री साय सहित भाजपा नेताओं ने जमीन पर बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां एपिसोड सुना।

स्मृति ईरानी के प्रवास के बीच भाजपा की संगठनात्मक बैठकों के कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है। पहले रविवार को प्रस्तावित कोर ग्रुप की बैठक अब सोमवार को होगी। रविवार को इसकी जगह निगम-मंडल अध्यक्षों की बैठक रखी गई है। सोमवार को होने वाली कोर ग्रुप की बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।


‘मन की बात’ समाज और देशहित में काम करने की प्रेरणा देती है: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अभनपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि हर महीने के अंतिम रविवार को देशवासियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का इंतजार रहता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के लोगों से संवाद करते हैं और समाज में हो रहे नवाचारों तथा विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के उल्लेखनीय प्रयासों को सामने लाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों की ओर से किए जा रहे प्रयासों और नवाचारों को देश के सामने रखते हैं। इससे दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलती है और समाज तथा देशहित में कुछ नया करने की जिज्ञासा पैदा होती है। उन्होंने स्मृति ईरानी के पहली बार छत्तीसगढ़ आगमन को भी सौभाग्य का विषय बताया।