LIVE UPDATE
Chhattisgarh

कलेक्टर महोबे का समाज कल्याण कार्यालय पर औचक निरीक्षण, उपसंचालक को नोटिस

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को समाज कल्याण विभाग के कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, उपस्थिति रजिस्टर और कर्मचारियों की समयपालन स्थिति की जांच की।

निरीक्षण के दौरान उपसंचालक समाज कल्याण के निर्धारित समय से विलंब से कार्यालय पहुंचने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि नोटिस का संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर महोबे ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी शासकीय सेवक समय पर कार्यालय में उपस्थित रहें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने दोहराया कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने आम नागरिकों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button
close