नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रांतीय संयोजक और इंडियन पब्लिक सर्विस एम्प्लाइज फेडरेशन (इप्सेफ) के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल शुक्ला को संगठन का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी कैंपस में 9 अगस्त को हुई इप्सेफ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शुक्ला के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगी।

राष्ट्रीय कर्मचारी संगठन के शीर्ष नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को मिली इस जिम्मेदारी को कर्मचारी संगठनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अनिल शुक्ला छत्तीसगढ़ के पहले कर्मचारी एवं शिक्षक नेता हैं, जिन्हें इप्सेफ के राष्ट्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी मिली है।

शुक्ला के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने के बाद छत्तीसगढ़ के कर्मचारी संगठनों में खुशी का माहौल है। इप्सेफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के संरक्षक ओपी शर्मा सहित कई कर्मचारी नेताओं ने उन्हें बधाई दी।

कर्मचारी नेता अनिल पाण्डेय, सूरज देवांगन, सुशील गुप्ता, धन्नूलाल देवांगन, महेंद्र सिंह राजपूत, विद्याभूषण दुबे, सुनील यादव, अतुल कामले, करन सिंह अटेरिया, जितेंद्र सिंह, संजय तिवारी, चंद्रिका सिंह, आरके थवाईत, डॉ. डीपी मनहर, मोहसिन अली, बेनी राम देवांगन एवं डॉ. जेपी श्रीवास्तव सहित अन्य नेताओं ने कहा कि शुक्ला को राष्ट्रीय संगठन का नेतृत्व मिलने से छत्तीसगढ़ का कर्मचारी वर्ग गौरान्वित हुआ है। कर्मचारी नेताओं ने उम्मीद जताई कि अनिल शुक्ला के नेतृत्व में देशभर के कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा और कर्मचारी हितों की आवाज को और प्रभावी मंच मिलेगा।