CG Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो चुका है और आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां में इजाफा हो सकता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रायपुर केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ीं।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 21 सितंबर से प्रदेशभर में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला देखने को मिलेगा

मीडिया रिपोर्ट अनुसार मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह छत्तीसगढ़ में तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया है। जारी अलर्ट के अनुसार 21 और 22 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ एक-दो जगहों पर बिजली गिरने और भारी बारिश की आशंका है।

इसके बाद 23 और 24 सितंबर को मौसम और उग्र रूप ले सकता है, जहां कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश होगी। वहीं 25 सितंबर को राज्य में ‘बहुत भारी बारिश’ का मुख्य अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते आम लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में लगातार हो रही और आगे बढ़ने वाली इस बारिश के पीछे एक मजबूत मौसमी तंत्र (Weather System) काम कर रहा है। IMD के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र (Low-Pressure Area) सक्रिय हुआ है।

यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है और जल्द ही अवदाब (Depression) और गहरे अवदाब (Deep Depression) में तब्दील हो जाएगा। इस मजबूत मौसमी प्रणाली के असर से ही छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ रही है, जिससे 25 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की स्थिति बनी रहेगी।

राजधानी रायपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिन में एक-दो बार गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने के आसार हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है

अगर बीते दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे वहां रातों में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।