CG News/जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी और लाखों रुपये की वसूली का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के पद पर कार्यरत भाजपा नेत्री संतोषी दुबे को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। मामले की जांच के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। खास बात यह है कि जिले में एक सप्ताह के भीतर महिला काउंसलर के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी पारस जैन ने संतोषी दुबे के खिलाफ पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संतोषी दुबे ने एक एनजीओ के माध्यम से पांच अलग-अलग स्थानों पर नौकरी और काम दिलाने का भरोसा दिया था। इस आश्वासन पर संतोषी दुबे और उनके सहयोगियों ने चेक के माध्यम से रकम ली।

शिकायत के मुताबिक, संतोषी दुबे को डेढ़ लाख रुपये और उनके एक सहयोगी को साढ़े तीन लाख रुपये चेक के जरिए दिए गए थे। आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी दिलाई गई और न ही रकम वापस की गई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से मामले में कार्रवाई की मांग की।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने संतोषी दुबे को महिला थाना में संचालित परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटा दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए महिला परामर्श केंद्र की प्रभारी और अजाक थाना के डीएसपी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि कथित नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने के मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही एनजीओ के माध्यम से नौकरी दिलाने के दावों और पूरी लेनदेन प्रक्रिया की भी जांच की जाएगी।

एक सप्ताह में दूसरी कार्रवाई, पहले पूजा राठौर की नियुक्ति रद्द

जांजगीर-चांपा जिले में पिछले एक सप्ताह के भीतर परिवार परामर्श केंद्र की महिला काउंसलर के खिलाफ यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले रायपुर निवासी एक युवक की नौकरी लगवाने के नाम पर रकम लेने संबंधी शिकायत के बाद भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य और काउंसलर पूजा राठौर की नियुक्ति भी रद्द की गई थी।

लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली और वहां नियुक्त काउंसलरों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल संतोषी दुबे के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। जांच के निष्कर्षों के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।