LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG News-बस्तर में अंतर्राज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़: राजस्थान से गांजा खरीदने पहुंचे 4 तस्कर, सुकमा के 2 साथियों के साथ धर्मशाला में पकड़े गए

सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और धर्मशाला की घेराबंदी कर दी गई। जैसे ही सुकमा के तस्कर चार बैगों में गांजा लेकर कमरे के अंदर दाखिल हुए, पुलिस ने धावा बोल दिया। अचानक पुलिस को सामने देख सभी आरोपियों के होश उड़ गए और उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने सभी 6 लोगों को दबोच लिया।

CG News/बस्तर। छत्तीसगढ़ की बस्तर पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने बस्तर की एक धर्मशाला में छापामार कार्रवाई कर 54 किलो गांजे के साथ कुल 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के तार राजस्थान, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से जुड़े हुए हैं। पकड़े गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 26.97 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस मुस्तैदी ने साबित कर दिया है कि बस्तर अब केवल नक्सलवाद ही नहीं, बल्कि नशा तस्करी के खिलाफ भी एक अभेद्य किला बनता जा रहा है।

घटना 12 अप्रैल की है, जब बस्तर पुलिस को एक गोपनीय सूचना मिली कि राजस्थान से आए चार संदिग्ध व्यक्ति स्थानीय ‘गोयल धर्मशाला’ के रूम नंबर 9 में ठहरे हुए हैं और किसी बड़ी खेप का इंतजार कर रहे हैं। खबर पक्की थी कि सुकमा के दो स्थानीय तस्कर वहां गांजे की डिलीवरी देने पहुंचने वाले हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और धर्मशाला की घेराबंदी कर दी गई। जैसे ही सुकमा के तस्कर चार बैगों में गांजा लेकर कमरे के अंदर दाखिल हुए, पुलिस ने धावा बोल दिया। अचानक पुलिस को सामने देख सभी आरोपियों के होश उड़ गए और उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने सभी 6 लोगों को दबोच लिया।

कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस को चार अलग-अलग बैगों में भरा हुआ 54 किलो अवैध मादक पदार्थ ‘गांजा’ बरामद हुआ। तस्करों की योजना इस माल को राजस्थान ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की थी।

आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा 6 मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी जब्त की गई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज किया है। 13 अप्रैल को कोर्ट में पेश करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में बबलू कुशवाहा (धौलपुर, राजस्थान), श्रीनिवास (धौलपुर, राजस्थान), देशराज कुशवाहा (धौलपुर, राजस्थान) और पंकज उपरेती (आगरा, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं, जो माल खरीदने बस्तर पहुंचे थे। वहीं, उन्हें गांजे की सप्लाई देने वाले स्थानीय तस्कर राम सिंह और दुबराज कश्यप सुकमा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह गिरोह कब से सक्रिय था और सुकमा से बस्तर के रास्ते और कितनी खेप बाहर भेजी जा चुकी हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में इस ड्रग सिंडिकेट के कुछ बड़े नामों का खुलासा भी हो सकता है।

Back to top button
close