Cg news।सरगुजा। छत्तीसगढ़ अंबिकापुर जिले के प्रधान डाकघर में FD से जुड़ी बड़ी वित्तीय अनियमितता सामने आई है। तकरीबन 15 खाताधारकों की मैच्योर हो चुके एफडी की 35 लाख रुपये से अधिक राशि में कथित हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

आरोप है कि एफडी की मैच्योरिटी पूरी होने के बाद रकम संबंधित जमाकर्ताओं के बचत खातों में जमा करने के बजाय दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी, बाद में उसे निकाल लिया। 15 खाताधारकों की मैच्योर हो चुकी एफडी की 35 लाख रुपये से अधिक राशि डाकघर के कर्मचारियों ने हड़प ली है।

घोटाले की जांच के बाद डाक विभाग ने प्रधान डाकपाल समेत तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।

विभागीय स्तर पर जांच जारी है और अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद डाक विभाग के कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

वित्तीय हेराफेरी का खुलासा बलरामपुर जिले के निवासी सिराजुल हक की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने प्रधान डाकघर में फिक्स्ड डिपॉजिट कराई थी।

एफडी की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद नियमानुसार इसकी परिपक्वता राशि उनके बचत खाते में पहुंचनी चाहिए थी, लेकिन रकम जमा नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने डाकघर में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद डाकघर के सहायक अधीक्षक अजय सिंह चौहान ने मामले की जांच शुरू कराई। जांच के दौरान मार्च 2026 से अब तक करीब 15 खातों में अनियमितता सामने आने की बात कही गई है।

अधिकारियों के अनुसार इन खातों से संबंधित 35 लाख रुपये से अधिक की राशि में कथित हेराफेरी हुई है। जांच अब यह पता लगाने के लिए भी आगे बढ़ाई जा रही है कि कहीं ऐसे और खाते तो प्रभावित नहीं हुए हैं।