बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के कोटा के कोरी डेम के वेस्ट वियर में शराब नशे में पानी में उतरे शिक्षा विभाग के लिपिक दिग्विजय कुमार कौशिक (34) की डूबने से मौत हो गई।

मीडिया रिपोर्ट अनुसार मंगला निवासी दिग्विजय कोटा के ग्राम धौराभाठा में लिपिक के पद पर पदस्थ था। सोमवार को घरेलू काम के लिए छुट्टी ली थी।

काम निपटाने के बाद शराब पी और तीन दोस्तों के साथ दोपहर 12.30 बजे कोरी डेम पहुंचा। दिग्विजय, नीतेश और एक अन्य दोस्त वेस्ट वियर में नहाने उतरे, जबकि दो दोस्त बाइक पर बैठे रहे। तीनों तैरते हुए आगे बढ़े। नीतेश और उसका साथी आगे निकल गए।

पीछे पलटकर देखा तो दिग्विजय पानी में नहीं दिखा। दोस्तों ने आसपास लोगों की मदद से उसे तलाशा, लेकिन पता नहीं चला। 112 पर सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद एसडीआरएफ ने पानी की तह से उसका शव बरामद किया।

खास बात ये, दिग्विजय की हाइट करीब 5 फीट थी और जहां वह डूबा, वहां पानी की गहराई भी करीब 5 फीट ही बताई गई। उसे तैरना आता था, इसके बाद भी वह डूब गया। आशंका जताई जा रही है, शराब के नशे के कारण तैर नहीं पाया और उसकी मौत हो गई।

कोटा एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के साथ मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद भी जब दिग्विजय का पता नहीं चला तो एसडीआरएफ के सदस्यों ने पानी में उतरकर तलाश शुरू की।

इसके बाद पानी की तह में उसकी लाश मिली। मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।

40 घंटे बाद मिला, अरपा में डूबे दूसरे बच्चे का शव

दयालबंद के मधुबन इलाके में शनिवार दोपहर अरपा नदी में बहे दो बच्चों में अयान अंसारी का शव उसी दिन देर शाम मिल गया था। वहीं सारी इमरेश अंसारी की एसडीआरएफ और मछुआरे तलाश कर रहे थे। 40 घंटे बाद उसका शव नदी किनारे पानी में मिला। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।