गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में डिप्टी रेंजर पर एक स्थानीय ग्रामीण ने थप्पड मार दिया। बताया जा रहा है कि, डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे अंधियारखोह जंगल परिसर में अवैध लकड़ी की कटाई और जमीन पर कब्जे की जांच करने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक ग्रामीण ने जांच कर विरोध किया और अपशब्द कहाने लगा।

मना करने पर आरोपी ने डिप्टी रेंजर को थप्पड़ मार और वर्दी फाड़ दिया।

मीडिया रिपोर्ट अनुसार  बीती 24 अक्टूबर को डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे को सेमरहा गांव में सेमल प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई की गुप्त सूचना मिली थी।

इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए वे वन प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और वीडियोग्राफी-फोटोग्राफी के साथ जांच पूरी की।

जब डिप्टी रेंजर अपनी टीम के साथ वापस लौट रहे थे, तभी आरोपी 43 वर्षीय रुद्र प्रसाद मांझी वहां आ धमका और विरोध करने लगा।

आरोप है कि, उसने डिप्टी रेंजर के साथ बदसलूकी की, जातिसूचक शब्द कहे, और उनका हाथ-गर्दन पकड़कर मारपीट की। इस झूमाझटकी में अधिकारी की वर्दी के बटन टूट गए और उनकी गर्दन पर खरोंचें आईं।

इस घटना के बाद पीड़ित डिप्टी रेंजर ने गौरेला थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के साथ-साथ एससी/एसटी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया।

एसपी मनोज कुमार खिलारी के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने सबूत जुटाए और गहन पूछताछ के बाद 16 नवंबर को आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी पर पहले भी मारपीट और धमकी के मामले दर्ज हैं।