CG Dhan Kharidi/बलरामपुर/बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश और मुख्यालय छोड़ने पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

CG Dhan Kharidi/धान खरीदी के लिए नोडल समिति, जिला स्तरीय नोडल, फ्लाइंग स्क्वॉड और चेक पोस्ट सहित विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आईसीसी अलर्ट, भौतिक सत्यापन, अवैध धान भंडारण और परिवहन पर निगरानी तथा शनिवार को होने वाले अनिवार्य भौतिक सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

अपरिहार्य परिस्थिति में अवकाश की आवश्यकता होने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी को कारण बताते हुए कलेक्टर के समक्ष आवेदन देना होगा। स्वीकृति मिलने के बाद ही वे अवकाश पर जा सकेंगे।

छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 से 17 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इसे देखते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में पदस्थ सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर 17 दिसंबर तक रोक लगा दी है। इस अवधि में सभी अधिकारी-कर्मचारी मुख्यालय में उपस्थित रहेंगे।

अपरिहार्य स्थिति में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अपने कार्यालय प्रमुख की स्वीकृति से अवकाश ले सकेंगे। जिला स्तरीय अधिकारियों को अवकाश के लिए कलेक्टर से लिखित अनुमति लेनी होगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।