8th Pay Commission latest updatesदिल्ली/दिल्ली में आयोजित 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की एक महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों की ओर से सरकार के सामने कई ऐतिहासिक प्रस्ताव रखे /गए हैं। ऑल इंडिया NPS एम्प्लॉइज फेडरेशन (AINPSEF) ने केंद्रीय शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करते हुए रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाकर 65 साल करने और पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली जैसी बड़ी मांगें आयोग के सामने रखी हैं। यदि वेतन आयोग इन सिफारिशों को हरी झंडी देता है, तो देशभर के लाखों शिक्षकों की सैलरी, भत्ते और सेवा शर्तों में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

इस बैठक में AINPSEF के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनजीत सिंह पटेल सहित केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने तर्क दिया कि अनुभवी शिक्षकों की सेवाएं लंबे समय तक छात्रों को मिलनी चाहिए, इसलिए सेवानिवृत्ति की आयु को मौजूदा सीमा से बढ़ाकर 65 वर्ष किया जाना चाहिए।

इसके साथ ही, 1 जनवरी 2004 के बाद नियुक्त हुए शिक्षकों के लिए NPS या UPS के बजाय सीधे पुरानी पेंशन योजना लागू करने की पुरजोर वकालत की गई है। शिक्षकों का यह भी मानना है कि देशभर में केंद्र सरकार के सभी शिक्षकों के लिए एक समान वेतन और सेवा शर्तें अनिवार्य रूप से लागू होनी चाहिए।

वेतन आयोग के समक्ष रखे गए प्रस्ताव में प्रमोशन और छुट्टियों के ढांचे में भी बड़े बदलावों का जिक्र है। संगठन ने मांग की है कि प्रिंसिपल के 50 प्रतिशत पद विभागीय पदोन्नति से भरे जाएं और ‘हेड ऑफ सब्जेक्ट’ नाम का एक नया पद सृजित किया जाए, जिसका ग्रेड पे 5,400 रुपये हो। साथ ही, वाइस प्रिंसिपल का ग्रेड पे बढ़ाकर 6,600 रुपये करने की मांग की गई है। छुट्टियों के मामले में शिक्षकों ने साल में 14 कैजुअल लीव, 30 अर्न्ड लीव और 20 मेडिकल लीव की मांग रखी है।

एक दिलचस्प मांग यह भी उठी है कि यदि परिवार में केवल पुरुष शिक्षक ही नौकरी में है, तो उसे भी महिलाओं की तर्ज पर ‘चाइल्ड केयर लीव’ (CCL) की सुविधा मिलनी चाहिए।

स्वास्थ्य सुविधाओं के मोर्चे पर शिक्षकों ने सेवा के दौरान पूरी तरह कैशलेस मेडिकल सुविधा की मांग की है। वहीं, सेवानिवृत्ति के समय दिल्ली सरकार के शिक्षकों को अपनी सुविधानुसार DGEHS या CGHS चुनने का विकल्प देने का सुझाव दिया गया है ताकि वे अपने गृह नगर में भी बेहतर इलाज करा सकें। वर्तमान में 8वें वेतन आयोग की परामर्श प्रक्रिया जारी है और आने वाले दिनों में आयोग चेन्नई, चंडीगढ़, पुडुचेरी और जयपुर जैसे शहरों में विभिन्न कर्मचारी संगठनों से मुलाकात करेगा।

हालांकि, वेतन वृद्धि के सबसे अहम कारक यानी ‘फिटमेंट फैक्टर’ पर सरकार ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

केंद्रीय कर्मचारियों के बीच इस समय सबसे अधिक चर्चा ‘फिटमेंट फैक्टर’ को लेकर है, जो न्यूनतम बेसिक सैलरी तय करने का आधार होता है। 7वें वेतन आयोग में इसे 2.57 गुना रखा गया था, जिससे न्यूनतम सैलरी 18,000 रुपये हुई थी। अब कर्मचारी संगठन इसे बढ़ाकर 3.68 गुना करने की मांग कर रहे हैं। यदि आयोग इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेता है, तो एंट्री लेवल के कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी सीधे 26,000 रुपये तक पहुंच जाएगी।