LIVE UPDATE
Chhattisgarh

cg news-दिनदहाड़े बड़ी उठाईगिरी, जमीन रजिस्ट्री के लिए कार में रखे 38 लाख रुपये पार, पार्किंग से उड़ाए नकदी

cg news-रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सुरक्षित माने जाने वाले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े उठाईगिरी की एक बड़ी वारदात ने पुलिस और प्रशासन के होश उड़ा दिए हैं।

तहसील कार्यालय के पास स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी एक कारोबारी की कार से अज्ञात चोरों ने 38 लाख रुपये की भारी-भरकम नकदी पार कर दी। यह घटना उस समय हुई जब कारोबारी जमीन की रजिस्ट्री के सिलसिले में बड़ी रकम लेकर पहुंचा था। इतनी सुरक्षित जगह और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी सोमवार को जमीन की खरीद-फरोख्त और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करने के लिए तहसील कार्यालय आया था। उसने अपनी कार को तहसील कार्यालय के सामने स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की दूसरी मंजिल (सेकेंड फ्लोर) पर पार्क किया और संबंधित पक्ष के आने का इंतजार करने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर की ओर चला गया। कुछ देर बाद जब सौदा करने वाली पार्टी वहां पहुंची, तो कारोबारी भुगतान के लिए नकदी लेने अपनी गाड़ी के पास वापस लौटा।

जैसे ही उसने कार खोली, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई; कार के भीतर रखे 38 लाख रुपये गायब थे।

घबराए हुए कारोबारी ने तुरंत इस बड़ी चोरी की सूचना सिविल लाइन थाने को दी। दिनदहाड़े इतनी बड़ी राशि की चोरी की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया और मामले की तफ्तीश शुरू की गई। पुलिस ने सबसे पहले मल्टीलेवल पार्किंग और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्धों की आवाजाही नजर आई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदेहियों को हिरासत में लिया है।

प्रारंभिक जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपियों ने कारोबारी का पीछा किया होगा और उन्हें पहले से पता था कि गाड़ी में बड़ी रकम रखी है। फिलहाल, हिरासत में लिए गए चारों संदेहियों से पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुराग हाथ लग चुके हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ शत-प्रतिशत रकम बरामद कर ली जाएगी।

Back to top button
close