CG News/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले की सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा में चेक में ओवरराइटिंग कर 3 लाख 38 हजार रुपये के गबन का मामला सामने आया है। बिल्हा पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।

जिस समिति सह-अध्यक्ष ने खुद थाने पहुंचकर चेक में काट-छांट कर रकम निकालने की शिकायत दर्ज कराई थी, पुलिस के मुताबिक वही इस पूरे फर्जीवाड़े का मुख्य साजिशकर्ता निकला।

पुलिस ने शनिवार को समिति के सह-अध्यक्ष समेत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की बिल्हा शाखा के लेखापाल और कैशियर को गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में हथनी निवासी समिति सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह (48), कोनी निवासी बैंक लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय (46) और मुढ़ीपार रोड, बिल्हा निवासी बैंक कैशियर संजय सिंह बघेल (39) शामिल हैं।

मामले की शुरुआत 26 सितंबर को हुई थी, जब सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह ने बिल्हा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके हस्ताक्षर के बाद तीन चेकों में काट-छांट और ओवरराइटिंग कर तीन अलग-अलग बार में कुल 3.38 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की तो मामले की परतें खुलने लगीं। जांच में सामने आया कि तत्कालीन समिति प्रबंधक शरद कश्यप की 10 सितंबर को मृत्यु हो चुकी थी।

इसके 15 दिन बाद सह-अध्यक्ष बरगाह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी पता चला कि संबंधित राशि के आहरण का प्रस्ताव स्वयं सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह ने पारित किया था।

जांच के दौरान पुलिस ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की बिल्हा शाखा में चेक भुगतान की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता और कथित मिलीभगत की बात सामने आने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक, बैंक के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने ओवरराइटिंग और काट-छांट वाले चेकों को नियमानुसार निरस्त करने के बजाय भुगतान के लिए पास कर दिया। इसके बाद कैशियर संजय सिंह बघेल ने उन चेकों का भुगतान कर दिया।

पुलिस की जांच में बैंक के सुपरवाइजर हितेश सलूजा और शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक के नाम भी सामने आए हैं। दोनों फिलहाल छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत पर हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले में साक्ष्य जुटाने के बाद सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह, लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय और कैशियर संजय सिंह बघेल को गिरफ्तार किया गया। शनिवार को तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।