CG news।सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दिनदहाड़े एक युवती के अपहरण की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है।

गांधीनगर थाना क्षेत्र से अगवा की गई युवती को पुलिस ने मनेन्द्रगढ़ में नाकेबंदी कर सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेमी समेत चार अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पूरी वारदात प्रेम-प्रसंग और बदले की भावना से जुड़ी निकली, जिसमें शादी से इनकार करने पर प्रेमी ने खौफनाक कदम उठाया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में गांधीनगर और मनेन्द्रगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

घटना की शुरुआत तब हुई जब पुलिस को सूचना मिली कि एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार चार युवक एक युवती को जबरन उठाकर ले गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की सीमाओं को तुरंत सील कर दिया गया और साइबर सेल की मदद से संदेही वाहन की लोकेशन ट्रेस की गई। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और अंततः मनेन्द्रगढ़ पुलिस की सहायता से संदिग्ध वाहन को बीच रास्ते में ही रोक लिया।

पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी रामप्रसाद तंवर और युवती के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए जान-पहचान हुई थी।

यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और आरोपी पूर्व में युवती को अपने साथ मध्य प्रदेश ले गया था। वहां दोनों साथ भी रहे और शादी करने पर सहमति भी बनी थी।

हालांकि, कुछ समय बाद युवती आरोपी से अलग होकर वापस अपने घर सरगुजा लौट आई और उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर युवती को अगवा करने की साजिश रची।

पीड़िता ने महिला पुलिस अधिकारियों को दिए अपने बयान में बताया कि आरोपी उसे जबरन कार में बैठाकर ले जा रहे थे और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार, चार मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

एसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।