Cg crime news: जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।

चाम्पा की ‘अरविंद इंडस्ट्रीज’ के एक सुपरवाइजर को अगवा कर 20 लाख रुपये लूटने और फिर सबूत मिटाने के इरादे से सरगुजा के मैनपाट की गहरी खाई में फेंकने का मामला प्रकाश में आया है। लेकिन कुदरत के करिश्मे और पीड़ित की जिजीविषा ने न केवल उसे नई जिंदगी दी, बल्कि इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश भी कर दिया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कोई बाहरी नहीं, बल्कि उसी कंपनी का पुराना कर्मचारी योगेश रात्रे है।

योगेश पिछले 17 वर्षों से अरविंद इंडस्ट्रीज में कार्यरत था और उसे सुपरवाइजर हरीश देवांगन के कैश कलेक्शन से लेकर उनके आने-जाने के रास्तों की पूरी जानकारी थी। योगेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो महीने पहले ही लूट की योजना बनाई थी, जिसमें वे दूसरी कोशिश में 9 जनवरी को सफल हुए।

मिर्च पाउडर झोंककर अपहरण और लूट

9 जनवरी को जब हरीश देवांगन नकदी लेकर निकल रहे थे, तब आरोपियों ने उनकी आंखों में लाल मिर्च का पाउडर झोंक दिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, उन्हें जबरन एक वैन्यू कार में बैठा लिया गया और उनसे 20 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने हरीश को खत्म करने का फैसला किया।

मैनपाट की खाई: मौत और जिंदगी के बीच वह रात

आरोपी पीड़ित को चाम्पा से करीब 193 किलोमीटर दूर मैनपाट ले गए। वहां रात के अंधेरे में करीब 9 बजे उन्होंने हरीश को एक गहरी खाई में धक्का दे दिया। आरोपियों को लगा कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद हरीश की मौत निश्चित है और वे वहां से फरार हो गए। हालांकि, हरीश ने हिम्मत नहीं हारी। वे खाई में गिरते समय एक पेड़ की टहनियों के बीच फंस गए। हाड़ कंपा देने वाली ठंड में वे पूरी रात पेड़ पर लटके रहे। सुबह होते ही उन्होंने पत्थरों और जड़ों के सहारे ऊपर सड़क तक चढ़ने की कोशिश की और अंततः सड़क तक पहुँचने में सफल रहे। वहां से लिफ्ट लेकर उन्होंने कंपनी से संपर्क किया, जिसके बाद उनकी जान बच सकी।

300 CCTV कैमरे और पुरी तट से गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए सायबर सेल और पुलिस की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने चाम्पा, बलौदा और कोरबा के रास्तों पर लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

तकनीकी विश्लेषण और कार के अधूरे नंबर के आधार पर संदिग्ध वाहन की पहचान हुई। पुलिस ने पीछा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को ओडिशा के पुरी तट स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया, जहाँ वे लूट की रकम के साथ फरारी काट रहे थे।

बरामदगी और फरार आरोपी

पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 लाख 75 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त चाकू, बेसबॉल स्टिक, कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इस मामले में एक अन्य आरोपी सुनील कुर्रे अभी भी फरार है, जिसके पास लूट की शेष राशि होने की संभावना है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।