CG News।रायपुर: राजधानी रायपुर के एक बड़े लोहा कारोबारी अमन अग्रवाल (32) को ₹26 करोड़ की टैक्स चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह बड़ी कार्रवाई स्टेट GST के अधिकारियों द्वारा की गई है।

ज्वाइंट कमिश्नर नरेंद्र वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि, कारोबारी अमन अग्रवाल ने वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में कुल ₹262 करोड़ की खरीद-बिक्री फर्जी (बोगस) फर्मों के माध्यम से की।

उन्होंने बताया कि अग्रवाल ने इन फर्जी फर्मों से ₹26 करोड़ का इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लिया और इसे छत्तीसगढ़ के दूसरे फर्जी फर्मों को बेचना दिखाया, जिससे सरकार को ₹26 करोड़ के राजस्व का भारी नुकसान हुआ। अमन अग्रवाल आयरन स्क्रैप और लोहे के कारोबार से जुड़ा है।

10 फर्जी फर्मों का जाल

मिली जानकारी के अनुसार, अमन अग्रवाल अगस्त्य इंटरप्राइजेज और अग्रवाल इंटरप्राइजेज का मालिक है। उस पर 10 फर्जी फर्मों से खरीद-बिक्री दिखाकर टैक्स की हेराफेरी करने का आरोप है। यह कार्रवाई GST के सेक्शन 69 और 132 बी के तहत की गई है।

गिरफ्तार आरोपी अमन अग्रवाल को आज बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां इस पूरे मामले की सुनवाई होगी।