CG Local Holiday/रायपुर। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में वर्ष 2026 के लिए घोषित स्थानीय अवकाश की तारीखों में संशोधन किया जा रहा है। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM), महासमुंद और बिलासपुर के बाद अब मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में भी स्थानीय अवकाश को लेकर संशोधित आदेश जारी किया गया है। MCB जिले में अब गणेश चतुर्थी के बजाय नवाखाई पर्व के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े ने संशोधित आदेश जारी करते हुए 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के लिए घोषित स्थानीय अवकाश को निरस्त कर दिया है। इसके स्थान पर अब 18 सितंबर 2026, शुक्रवार को नवाखाई पर्व के अवसर पर जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 14 सितंबर 2026, सोमवार को हरितालिका तीज पर्व के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश पहले ही घोषित किया जा चुका है। ऐसे में उसी तारीख को गणेश चतुर्थी के लिए घोषित स्थानीय अवकाश को संशोधित किया गया है। संशोधित व्यवस्था के तहत अब 18 सितंबर को नवाखाई पर्व के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा। यह अवकाश MCB जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में लागू होगा। हालांकि, नियमानुसार बैंक, कोषालय और उप कोषालय इस स्थानीय अवकाश के दायरे में नहीं आएंगे और वहां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कामकाज जारी रहेगा।
इधर, बिलासपुर जिले में हलषष्ठी पर्व के अवसर पर 2 सितंबर 2026 को स्थानीय अवकाश रहेगा। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल द्वारा वर्ष 2026 के लिए घोषित तीन स्थानीय अवकाशों में हलषष्ठी पर्व को भी शामिल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार बिलासपुर जिले में इसके अलावा 19 अक्टूबर 2026 को महाष्टमी और 11 नवंबर 2026 को दीपावली भाई दूज के अवसर पर भी स्थानीय अवकाश रहेगा। स्थानीय अवकाश के नियम बैंक और कोषालयों पर लागू नहीं होंगेCG Local Holiday
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में भी स्थानीय अवकाश की तारीख में बदलाव किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विजय दयाराम के. द्वारा वर्ष 2026 के लिए घोषित स्थानीय अवकाश में आंशिक संशोधन करते हुए 2 सितंबर को घोषित अवकाश की तारीख बदली गई है। पहले जिले में 2 सितंबर 2026, बुधवार को हरछठ के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था। अब इस तारीख को संशोधित करते हुए 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को दुर्गा महाअष्टमी के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा। संशोधित सूची में जिला स्थापना दिवस 10 फरवरी, दुर्गा महाअष्टमी 19 अक्टूबर और भाई दूज 11 नवंबर शामिल हैं। यह स्थानीय अवकाश बैंक एवं कोषालयों में लागू नहीं होगा।CG Local Holiday
महासमुंद जिले में भी नवाखाई पर्व के स्थानीय अवकाश की तारीख में संशोधन किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विनय कुमार लंगेह ने वर्ष 2026 के लिए घोषित स्थानीय अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। पूर्व आदेश में नवाखाई के अवसर पर 18 सितंबर 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था। अब संशोधित आदेश के तहत नवाखाई (नुआंखाई) ऋषि पंचमी के अवसर पर 15 सितंबर 2026, मंगलवार को स्थानीय अवकाश रहेगा। यह अवकाश महासमुंद जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं में लागू होगा। हालांकि, बैंक, कोषालय और उप कोषालय स्थानीय अवकाश के दायरे से बाहर रहेंगे। इस तरह छत्तीसगढ़ के कई जिलों में स्थानीय अवकाश की तारीखों में बदलाव किया गया है। जिलों द्वारा जारी संशोधित आदेशों के बाद संबंधित शासकीय कार्यालयों और संस्थानों को नई तारीखों के अनुसार अवकाश व्यवस्था का पालन करना होगा।