बिलासपुर… खुद को रायपुर क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक युवक से डराकर पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलते ही कोटा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

फर्जी पहचान, धमकी और वसूली का आरोप

करगी खुर्द निवासी अभिषेक सिंह ने थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। आरोप है कि दूसरे जिले का एक आरक्षक अपने कुछ साथियों के साथ मिला। इनमें कुछ लोग पहले पुलिस लाइन में हायर व्हीकल के ड्राइवर रह चुके हैं। सभी ने खुद को रायपुर क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया, अपराध में फंसाने की धमकी दी और पैसे ले लिए।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

कोटा थाने में अपराध क्रमांक 169/26 दर्ज हुआ है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(7), 319(2), 296, 170 और 3(5) के तहत प्रकरण कायम किया है।

हिरासत में पूछताछ, टीमें रवाना

पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बाकी आरोपियों की तलाश में टीम रवाना हो चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।