LIVE UPDATE
Big news

गिरौदपुरी धाम में भाजपा एससी मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन, अजय जमवाल ने दिया जीत का मंत्र

गुरु घासीदास की जन्मभूमि से भाजपा एससी मोर्चा का संकल्प

बलौदाबाजार…बाबा गुरु घासीदास की पावन जन्मभूमि गिरौदपुरी धाम में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा की एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस परिचयात्मक और संगठनात्मक बैठक में प्रदेश भर से आए पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए स्पष्ट रणनीति तय करना रहा।

गांव-गांव संवाद पर जोर

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में अनुसूचित जाति समाज के बीच केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई। अजय जमवाल ने पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए संगठन के कार्यों की समीक्षा की और स्पष्ट कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर समाज के हर व्यक्ति से सीधा संवाद स्थापित करना होगा।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती तभी संभव है जब योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र तक पहुंचे और समाज का भरोसा कायम रहे।

एससी समाज भाजपा की ताकत: नवीन मार्कंडेय

भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति समाज भाजपा की संगठनात्मक मजबूती का एक अहम आधार है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियां और योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति को केंद्र में रखकर बनाई गई हैं, जिसे कार्यकर्ताओं को जन-जन तक पहुंचाना होगा।

दिग्गज नेताओं ने दिया सुझाव

बैठक की अध्यक्षता कर रहे अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े ने मोर्चा की आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रदेश महामंत्री चंद्रप्रकाश सूर्या और हरिनाथ खुटे ने संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर अपने विचार रखे।

वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी

इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता कमला देवी पाटले, वेदराम जांगड़े, बलौदाबाजार जिला अध्यक्ष आनंद यादव, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, कुंती जांगड़े, बसंत बाघ और प्रियंका गुरु सहित कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे, जिन्होंने समाज की एकजुटता और संगठनात्मक अनुशासन पर बल दिया।

सभी जिलों से पहुंचे पदाधिकारी

गिरौदपुरी धाम में आयोजित इस आयोजन में राजेश्वर भार्गव, खेमराज बाकरे, अशोक कलसा, उमेश जीभेकर, अरविंद प्रहरे, चंद्रकुमार पाटिल, सरजू, अजय, अनिल सोनवानी, चंदेश्वरी बांधे, गुरुदयाल पाटले, हितेश रात्रे सहित सभी जिलों के जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।

आस्था के साथ संगठन का संदेश

बैठक से पूर्व सभी पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल के साथ बाबा गुरु घासीदास के मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली और सामाजिक समरसता की कामना की। पार्टी सूत्रों के अनुसार गिरौदपुरी धाम जैसे आध्यात्मिक स्थल पर बैठक आयोजित करने का उद्देश्य समाज की आस्था का सम्मान करते हुए संगठनात्मक एकजुटता का मजबूत संदेश देना था।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close