बिलासपुर…आधार नामांकन और अपडेट को लेकर आम नागरिकों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग ने विशेष व्यवस्था लागू की है। इसके तहत प्रधान डाकघर बिलासपुर, जांजगीर और कोरबा में आधार से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

बिलासपुर प्रधान डाकघर में विस्तारित समय

प्रधान डाकघर बिलासपुर में कार्यदिवसों के दौरान आधार नामांकन और अपडेट की सुविधा सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक दी जा रही है। लंबे समय तक काउंटर खुले रहने से नौकरीपेशा और दूर-दराज से आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रविवार को भी मिलेंगी आधार सेवाएं

डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चयनित प्रधान डाकघरों में हर रविवार को भी कार्यालयीन समय के अनुसार आधार नामांकन और अपडेट की सेवाएं जारी रहेंगी। यानी अब आधार से जुड़े कामों के लिए छुट्टी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

नया आधार और सभी जरूरी अपडेट की सुविधा

जिन नागरिकों का अब तक आधार नामांकन नहीं हुआ है, वे नया आधार कार्ड बनवा सकते हैं। इसके अलावा नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, बायोमेट्रिक और केवाईसी से संबंधित सुधार एवं अपडेट निर्धारित शुल्क पर किए जाएंगे।

बच्चों के लिए निःशुल्क बायोमेट्रिक अपडेट

डाक विभाग ने बताया कि 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा, जिससे अभिभावकों को आर्थिक राहत मिलेगी।

अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील

डाकघर अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। विभाग के अनुसार इस पहल का उद्देश्य आधार से जुड़ी सेवाओं को सुगम, सुलभ और समयबद्ध बनाना है, ताकि आम लोगों को अनावश्यक भटकाव से बचाया जा सके।