bjp president nitin nabin/बिहार की राजनीति में विधानसभा चुनावों की धमक अभी थमी भी नहीं थी कि अब राज्यसभा की पांच सीटों के लिए होने वाले चुनाव ने सियासी पारा बढ़ा दिया है।

हालिया विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी के लिए आगामी अप्रैल में होने वाले ये चुनाव किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं हैं। विधानसभा में महज 25 सीटों पर सिमट जाने वाली आरजेडी के सामने अब अपने मौजूदा राज्यसभा सांसदों की सीट बचाने का संकट खड़ा हो गया है। अप्रैल में राज्यसभा के पांच सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिनमें आरजेडी के कद्दावर नेता प्रेमचंद गुप्ता और एडी सिंह शामिल हैं। आंकड़ों के गणित को देखें तो इस बार आरजेडी के लिए अपने एक भी उम्मीदवार को उच्च सदन भेजना टेढ़ी खीर साबित होने वाला है।

बिहार विधानसभा के वर्तमान समीकरणों पर नजर डालें तो भाजपा नीत एनडीए के पास 202 विधायकों का विशाल बहुमत है, जबकि तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के पास केवल 35 विधायक (राजद 25, कांग्रेस 6, वामदल 4) बचे हैं। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए प्रथम वरीयता के 41 मतों की आवश्यकता होती है।

एनडीए के पास मौजूद 202 विधायकों के साथ वह चार सीटें बेहद आसानी से जीत लेगी और उसके पास 38 अतिरिक्त वोट बचेंगे। ऐसे में पांचवीं सीट के लिए एनडीए को महज 3 और विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी, जो निर्दलीय या अन्य छोटे दलों से जुटाना उसके लिए मुश्किल नहीं होगा। दूसरी ओर, महागठबंधन के पास कुल जमा 35 विधायक ही हैं, यानी उसे अपनी पहली सीट के लिए भी 6 अतिरिक्त वोटों की दरकार होगी। ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के 5 और बसपा के 1 विधायक का रुख इस लड़ाई को और दिलचस्प बना सकता है, लेकिन फिलहाल पलड़ा एनडीए का ही भारी नजर आ रहा है।

इस चुनावी सरगर्मी के बीच भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को लेकर भी चर्चाएं जोरों पर हैं। पटना के बांकीपुर से पांचवीं बार विधायक चुने गए नितिन नवीन को हाल ही में दिल्ली में प्रतिष्ठित बंगला भी आवंटित हो गया है। अब राजनीतिक गलियारों में यह सवाल तैर रहा है कि क्या पार्टी उन्हें राज्यसभा भेजकर दिल्ली की राजनीति में पूरी तरह सक्रिय करेगी या वह विधायक बने रहकर ही अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। माना जा रहा है कि अगर भाजपा चाहे तो बिहार की खाली हो रही सीटों में से एक पर नितिन नवीन को आसानी से उच्च सदन भेज सकती है। उनके पास झारखंड से भी राज्यसभा जाने का विकल्प खुला है, क्योंकि वहां भी अप्रैल में भाजपा कोटे की एक सीट खाली हो रही है और नितिन नवीन का जन्मस्थान रांची ही है।

एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर भी खींचतान देखने को मिल सकती है।

फिलहाल जो पांच सीटें खाली हो रही हैं, उनमें से दो जेडीयू, दो आरजेडी और एक राष्ट्रीय लोक मोर्चा (उपेंद्र कुशवाहा) के पास थीं। इस बार एनडीए में जेडीयू के अलावा भाजपा और चिराग पासवान की लोजपा भी अपनी दावेदारी पेश कर सकती है। मौजूदा सांसद उपेंद्र कुशवाहा अपनी सीट बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी अपनी पार्टी के भीतर ही बगावत के सुर सुनाई दे रहे हैं। खबर है कि उनके तीन विधायक अपने नेता से नाराज चल रहे हैं, हालांकि सार्वजनिक रूप से उन्होंने एनडीए के साथ खड़े होने की बात कही है। वहीं, चिराग पासवान भी अपने कोटे से एक राज्यसभा सीट की मांग पर अड़े हुए हैं, जिससे एनडीए के भीतर समन्वय बनाना एक बड़ी चुनौती होगी।

कुल मिलाकर, बिहार का यह राज्यसभा चुनाव तेजस्वी यादव के लिए एक अग्निपरीक्षा साबित होने वाला है।

अगर महागठबंधन एकजुट होकर और अन्य छोटे दलों को साधकर अपना एक उम्मीदवार जिताने में कामयाब नहीं होता है, तो यह आरजेडी के लिए एक और बड़ा राजनीतिक झटका होगा। वहीं, एनडीए की कोशिश होगी कि वह पांचों सीटों पर कब्जा जमाकर अपनी ताकत का अहसास कराए। जोड़-तोड़ और समीकरणों के इस खेल में कौन बाजी मारेगा, यह तो अप्रैल के मतदान के बाद ही साफ होगा, लेकिन फिलहाल आंकड़ों की बाजी पूरी तरह एनडीए के पक्ष में झुकती दिखाई दे रही है।