नकली मसालों का बड़ा खुलासा: व्यापार विहार में ब्रांडेड नाम पर जहर का कारोबार
राजस्व टीम की दबिश में लाखों का फर्जी स्टॉक जब्त, ‘एवरेस्ट’ नाम से हो रही थी सप्लाई

बिलासपुर…शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र व्यापार विहार में नकली मसालों के संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। राजस्व विभाग की टीम ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे कारोबार को पकड़ा, जो नामी ब्रांड के भरोसे पर सीधे लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा था।
दबिश के दौरान ‘बालाजी मूवर्स एंड पैकर्स’ के परिसर से बड़ी मात्रा में नकली मसाले बरामद हुए। इन पर नामी कंपनी के पैकेट इस्तेमाल किए गए थे, जिससे बाजार में इन्हें असली बताकर खपाने की तैयारी थी। प्राथमिक आकलन में जब्त माल की कीमत लाखों रुपए तक पहुंचती है।
गोपनीय सूचना से खुला नेटवर्क
कार्रवाई अचानक नहीं थी। विभाग को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि व्यापार विहार के एक परिसर से ब्रांडेड मसालों के नाम पर नकली उत्पाद शहर में सप्लाई किए जा रहे हैं।
सूचना की पुष्टि होते ही एसडीएम और अतिरिक्त तहसीलदार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी। खाद्य सुरक्षा विभाग को भी साथ जोड़ा गया, ताकि मौके पर ही गुणवत्ता और वैधता की जांच हो सके।
मौके पर ही खुल गई सच्चाई
छापेमारी के दौरान संबंधित ब्रांड के अधिकृत प्रतिनिधियों को बुलाया गया। उन्होंने पैकिंग और उत्पाद की जांच के बाद साफ कर दिया कि जब्त मसाले उनकी कंपनी के नहीं हैं।
यानी ब्रांड का नाम, पैकिंग और भरोसा—सबका इस्तेमाल कर बाजार में नकली माल उतारने की तैयारी थी। पुष्टि होते ही टीम ने तत्काल परिसर और दुकान को सील कर दिया।
कार्रवाई की तैयारी, नेटवर्क की तलाश
मौके पर पंचनामा तैयार कर लिया गया है और पूरे मामले को कानूनी प्रक्रिया में लिया जा रहा है। प्रशासन अब इस बात की तह तक पहुंचने में जुटा है कि यह नेटवर्क कितना बड़ा है और किन-किन इलाकों तक इसकी सप्लाई फैली हुई थी।
अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं—सार्वजनिक स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले ऐसे कारोबारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।





