LIVE UPDATE
Bilaspur

नक्सल अंचल में नल से भरोसा: गांव-गांव पानी पहुंचाने की जमीनी पड़ताल और सख्त समीक्षा

नक्सल अंचल में जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत: हर घर तक पानी

बिलासपुर…राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के मिशन संचालक कमल किशोर सोन ने सुकमा और दंतेवाड़ा के दौरे के दौरान योजनाओं की जमीनी हकीकत को परखा और साफ संकेत दिया कि अब फोकस केवल निर्माण नहीं, बल्कि निरंतर और भरोसेमंद जल आपूर्ति पर है। डोडपाल, फायदागुड़ा और भूसारास जैसे गांवों में पहुंचकर उन्होंने सीधे ग्रामीणों से संवाद किया, जल की गुणवत्ता जांची और वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि योजना का उद्देश्य सिर्फ पाइपलाइन बिछाना नहीं, बल्कि हर घर तक सुरक्षित पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

सुकमा के डोडपाल में उन्होंने पानी टंकी, वितरण प्रणाली और गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया को बारीकी से देखा। ग्रामीणों ने बताया कि योजना लागू होने के बाद हैंडपंप पर निर्भरता खत्म हुई है और घर-घर पानी पहुंच रहा है। इस पर सोन ने बारिश के मौसम में नियमित जल परीक्षण कराने और जल की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण और अपव्यय रोकने के लिए जागरूक किया गया।

फायदागुड़ा में सोलर आधारित पेयजल योजना का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्थानीय स्तर पर संचालन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी गांव योजना से बाहर नहीं रहना चाहिए और हर स्तर पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। सरपंचों और सचिवों को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर नियमित अपडेट दर्ज करने के निर्देश दिए गए, वहीं हर गांव में एक प्रशिक्षित व्यक्ति तैयार कर छोटी तकनीकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही करने की व्यवस्था पर बल दिया गया।

दंतेवाड़ा के भूसारास में उन्होंने घर-घर जाकर जल आपूर्ति देखी और अपने सामने पानी की गुणवत्ता का परीक्षण कराया। 2 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से बनी योजना के संचालन को ‘जल अर्पण’ के माध्यम से ग्राम पंचायत को सौंपते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि अब जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर ही तय होगी। ग्रामीणों से संवाद में यह सामने आया कि योजना ने पेयजल संकट को काफी हद तक खत्म किया है और जीवन स्तर में सुधार महसूस किया जा रहा है।

दौरे के साथ ही सुकमा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के सभी कलेक्टरों की बैठक लेकर मिशन की प्रगति की समीक्षा की गई। गर्मियों में संभावित जल संकट को लेकर विशेष चर्चा हुई और निर्देश दिए गए कि किसी भी परिवार को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। पेयजल संकट वाले क्षेत्रों की पहचान कर समयसीमा में समाधान सुनिश्चित करने, आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में जल उपलब्धता बनाए रखने और पंचायत स्तर पर समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि अब निगरानी का दायरा बढ़ेगा और ऐसे परिवारों को चिन्हित किया जाएगा जो अब तक योजना से वंचित हैं। स्थानीय स्तर पर तकनीकी दक्षता बढ़ाने और जल स्रोतों की सस्टेनिबिलिटी पर ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान सुकमा कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक और नक्सल चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जल जीवन मिशन के कार्यों को गति दी जा रही है और दूरस्थ गांवों तक पेयजल पहुंचाने के लिए फील्ड स्तर पर विशेष रणनीति के साथ काम किया जा रहा है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button