रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का एक सुनहरा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज ने विभिन्न श्रेणियों के कुल 1235 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। राज्य गठन के बाद यह पहला मौका है जब बिजली कंपनियों में इतनी बड़ी संख्या में एक साथ नियुक्तियां होने जा रही हैं।

यह कदम न केवल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करेगा, बल्कि राज्य की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने में भी मील का पत्थर साबित होगा।

इस मेगा भर्ती अभियान के तहत सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, संयंत्र परिचारक, डाटा एंट्री ऑपरेटर जैसे तकनीकी पदों के साथ-साथ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर्स, विधि विभाग, वित्त अधिकारी और सुरक्षा विभाग जैसे गैर-तकनीकी पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में बढ़ती बिजली की मांग को देखते हुए रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। यह भर्तियां पावर जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन तीनों कंपनियों में की जाएंगी।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के अनुसार, राज्य स्थापना के बाद से छत्तीसगढ़ में उपभोक्ताओं की संख्या और बिजली की खपत में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। जहां राज्य बनने के समय मात्र 18 लाख 91 हजार उपभोक्ता थे, वहीं आज यह संख्या बढ़कर 67 लाख तक पहुंच गई है।

इसी तरह विद्युत की मांग भी 1334 मेगावाट से बढ़कर 7083 मेगावाट हो गई है। बिजली की इस बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कोरबा पश्चिम में 1320 मेगावाट के सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की स्थापना का कार्य भी शुरू हो चुका है, जिसके सफल संचालन के लिए अतिरिक्त मैनपावर की आवश्यकता है।

पदों के विवरण की बात करें तो कुल 1235 पदों में से 189 पद द्वितीय श्रेणी के, 711 पद तृतीय श्रेणी के और 335 पद चतुर्थ श्रेणी के हैं। कंपनीवार विभाजन के अनुसार, जनरेशन कंपनी में 547 पद, ट्रांसमिशन कंपनी में 96 पद और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 415 पदों पर भर्ती होगी। इसके अतिरिक्त, तीनों कंपनियों के कॉमन कैडर के लिए 177 रिक्तियां निकाली गई हैं। सबसे अधिक 400 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं, जबकि प्लांट अटेंडेंट के 300, सहायक अभियंता के 146 और कनिष्ठ अभियंता के 122 पदों पर भर्ती की जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी, जिसमें शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा की तिथियां शामिल हैं, जल्द ही पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट www.cspc.co.in पर उपलब्ध करा दी जाएंगी।