LIVE UPDATE
Bilaspur

“ब्रेकअप का गुस्सा, बेगुनाह पर वार: कोरबा चाकूबाजी का आरोपी गिरफ्तार

गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप का खौफनाक अंजाम: राह चलती युवती बनी शिकार

कोरबा…पंचवटी इलाके में दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की वारदात ने शहर को झकझोर दिया था। अब पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी शक्ति कुमार साहीस और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

सुबह का हमला, शहर में दहशत

27 मार्च की सुबह करीब 10 बजे के आसपास  आशा खेवरार अपने घर से ड्यूटी के लिए निकली थीं। रास्ते में बाइक सवार दो युवक पीछे से पहुंचे और अचानक चाकू से हमला कर दिया। वारदात इतनी तेज और अचानक थी कि आसपास के लोग संभल पाते, उससे पहले दोनों मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जांच में उलझी कड़ी, फिर मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हर एंगल से जांच शुरू की। आसपास के इलाकों में पूछताछ, संदिग्धों की पहचान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करीब 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। लगातार एक महीने तक चली इस कवायद के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

 सामने आई खौफनाक मानसिकता

गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने जो बताया, उसने इस वारदात को और चौंकाने वाला बना दिया। उसका अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो चुका था और वह मानसिक तनाव में था। उसी गुस्से में वह चाकू लेकर निकला था। रास्ते में उसने पीड़िता को मोबाइल पर बात करते देखा और बिना किसी व्यक्तिगत संबंध के उस पर हमला कर दिया।

समाज के लिए चेतावनी

यह घटना सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि उस मानसिक असंतुलन की भी तस्वीर है, जहां व्यक्तिगत असफलता हिंसा में बदल जाती है। एक अनजान युवती पर हमला यह बताता है कि गुस्सा जब नियंत्रण से बाहर होता है, तो उसका निशाना कोई भी बन सकता है।

पुलिस की सख्ती, आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई ही अपराधियों के मन में डर पैदा कर सकती है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button