बिलासपुर… बिलासपुर जिले में रेत खदानों के संचालन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच खनिज विभाग ने अपना पक्ष सामने रखा है। विभाग का दावा है कि जिले में पर्यावरणीय स्वीकृति मिलने के बाद ही सात रेत खदानों को मंजूरी दी गई है। वहीं छह अन्य प्रस्तावित खदानों की पर्यावरणीय सम्मति की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। उप संचालक खनिज प्रशासन किशोर गोलघाटे ने स्पष्ट किया है कि जिले में ऐसी कोई रेत खदान संचालित नहीं है, जिसे पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त न हो।

खनिज विभाग के अनुसार, पर्यावरणीय सम्मति प्राप्त सात स्वीकृत रेत खदानों में सोढाखुर्द, करही कच्छार, अमलडीहा, उदयबंद, निरतु, कच्छार और कुकुरदी कला-2 शामिल हैं। इन खदानों को नियमानुसार पर्यावरणीय स्वीकृति मिलने के बाद ही मंजूरी दी गई है।

दूसरी ओर, जिले की छह प्रस्तावित रेत खदानें अभी स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं। इनमें लमेर, लोफन्दी, घुटकू, उदयबंद-2, उदयबंद-3 और कुकुरदिकला शामिल हैं। इन सभी के लिए पर्यावरणीय सम्मति प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। यानी जिले में रेत खदानों की स्वीकृति का मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

बिना पर्यावरणीय स्वीकृति रेत खदानों के संचालन को लेकर कुछ वेब पोर्टलों पर प्रकाशित खबरों पर विभाग ने आपत्ति जताई है। उप संचालक किशोर गोलघाटे ने ऐसी खबरों को असत्य और भ्रामक बताया है। उनका कहना है कि जिले में किसी भी ऐसी खदान का संचालन नहीं हो रहा है, जिसे पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं मिली हो।