LIVE UPDATE
Bilaspur

मोबाइल लिया, लोन उठाया, खाता साफ : पुलिस का शिकंजा..डिजिटल ठगी का मास्टरमाइंड सलाखों के पीछे

पेटीएम के जरिए दुकानदारों को बनाता था निशाना • 80 हजार हड़पने का खुलासा

बिलासपुर/मल्हार ..मस्तूरी थाना के ग्रामीण इलाकों में डिजिटल लोन के नाम पर ठगी का नया तरीका सामने आया है, जहां एक आरोपी भरोसे का फायदा उठाकर लोगों के मोबाइल से ही लोन उठाता और रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर देता था। चौकी मल्हार पुलिस ने इस शातिर आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।

मोबाइल लेकर लोन का खेल

ग्राम चकरबेड़ा निवासी शिवकुमार राय ने चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसका परिचित गोपी कश्यप ने उसे ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा दिया। इसी बहाने उसने मोबाइल लेकर लोन स्वीकृत कराया और खाते में आई रकम में से 80 हजार रुपये बिना बताए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। बाद में आरोपी ने झूठा भरोसा दिलाया कि कंपनी से लोन आएगा तो रकम वापस मिल जाएगी।

बैंक में खुली ठगी की पूरी कहानी

शक होने पर जब प्रार्थी बैंक ऑफ महाराष्ट्र पहुंचा, तो सामने आया कि लोन की राशि किस्तों में आरोपी के खाते में ट्रांसफर की जा चुकी है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पेटीएम बॉक्स ठीक करने और लोन दिलाने के नाम पर अन्य किराना दुकानदारों को भी इसी तरह निशाना बना चुका है।

सूचना मिलते ही पुलिस का एक्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी मस्तूरी एल.सी. मोहल्ले के मार्गदर्शन में टीम ने तत्काल कार्रवाई की। मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को उसके गांव धुर्वाकारी से पकड़ लिया गया।

मोबाइल जब्त, पूछताछ में खुलेंगे और राज

गिरफ्तार आरोपी गोपी कश्यप उर्फ गोपी किशन (32 वर्ष) के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में और भी पीड़ितों और ट्रांजैक्शन का खुलासा हो सकता है।

टीम की सक्रियता से तत्काल सफलता 

पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक रमेश साहू, किशन राय, अभिजीत और सुखदेव पाल की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button