बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। दुकान संचालक के दुकान बंद करते ही सोना-चांदी और नगदी से भरे बैग लेकर फरार हुए आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में तीन आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.88 किलोग्राम चांदी, 13.30 ग्राम सोने के जेवर और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत करीब 6.80 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 20 फरवरी 2026 की शाम ग्राम खम्हरिया में रमेश ज्वेलर्स संचालक विभूति विनय सोनी दुकान बंद कर रहे थे। उन्होंने सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नगद दो बैग में रखे थे। इसी दौरान चेहरा गमछे से ढंके एक युवक ने दुकान के बाहर रखे दोनों बैग और एक टिफिन बैग पार कर लिया और मेन रोड पर पहले से इंतजार कर रहे अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसीसीयू और सीपत पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने खम्हरिया, बलौदा और आसपास के क्षेत्रों में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार आरोपियों की तलाश करती रही।

जांच के दौरान पुलिस को बड़ा सुराग तब मिला, जब पेंड्रा जिले की कोटमीकला चौकी से सूचना मिली कि एक अन्य मामले में गिरफ्तार खुशीराम साहू, मनीष उर्फ राहुल मंडल और राजाराम साहू ने पूछताछ में खम्हरिया ज्वेलर्स चोरीकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी के बाद उन्होंने आपस में जेवरों का बंटवारा कर लिया था।

पुलिस पूछताछ में खुशीराम साहू ने अपने हिस्से के कुछ चांदी के जेवर बलौदा बाजार जिले के ग्राम सेल निवासी दीपक वर्मा को बेचने की जानकारी दी, जबकि कुछ जेवर अपने पास छिपाकर रखना बताया। वहीं आरोपी राजाराम साहू से एक जोड़ी चांदी की पायल और दो सोने के टॉप्स बरामद किए गए। चोरी में इस्तेमाल की गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल को आरोपियों ने ग्राम मड़ई स्थित श्मशान घाट के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस ने मामले में खुशीराम साहू निवासी बिटकुला, मनीष उर्फ राहुल मंडल निवासी बांका बिहार, राजाराम साहू निवासी बिटकुला तथा चोरी का माल खरीदने वाले दीपक वर्मा निवासी ग्राम सेल, जिला बलौदा बाजार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस पूरे मामले के खुलासे में एसीसीयू बिलासपुर और थाना सीपत की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।