बिलासपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उस्लापुर रेलवे स्टेशन के पास तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी अपने साथ एक छोटे बच्चे को लेकर घूम रहे थे और ट्रॉली बैग में 12 किलो से अधिक गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.405 किलोग्राम गांजा और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक 26 जून को सिविल लाइन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति और दो महिलाएं, जिनके साथ 4 से 6 वर्ष का एक बच्चा भी है, बिलासपुर रेलवे स्टेशन से उस्लापुर स्टेशन की ओर जा रहे हैं। सूचना में बताया गया कि उनके पास मौजूद ट्रॉली बैग में मादक पदार्थ गांजा रखा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए उस्लापुर रेलवे स्टेशन स्थित लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के पास घेराबंदी की। कुछ ही देर में मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति, दो महिलाएं और एक छोटा बच्चा ट्रॉली बैग के साथ आते दिखाई दिए। पुलिस ने संदेह के आधार पर ट्रॉली बैग की तलाशी ली तो उसके भीतर खाकी रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 11 पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों में कुल 12.405 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के झारसुगुड़ा निवासी प्रकाश नायक उर्फ पप्पू, उसकी पत्नी नेहा सिंह तथा जांजगीर-चांपा जिले की अर्चना सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिलासपुर में किसे सप्लाई किया जाना था।