CG News-वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटा, 30 से अधिक मजदूर झुलसे.. काम करते समय हादसा,
सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से 30-40 मजदूर झूलस गए हैं। तीन मजदूरों की घटनास्थल पर मौत हो गई है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

cg news/सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां डभरा क्षेत्र के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट में अचानक बॉयलर फटने (बॉयलर ब्लास्ट) से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मीडिया रिपोर्ट अनुसार इस भीषण धमाके की चपेट में आने से 3 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2:00 बजे जब प्लांट में रोजाना की तरह सामान्य रूप से कामकाज चल रहा था, तभी अचानक बॉयलर में एक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि वहां काम कर रहे मजदूर संभल भी नहीं पाए और आग की लपटों व गर्म मलबे की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के बाद प्लांट के भीतर धुएं का गुबार छा गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। दुखद रूप से 3 मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बड़ी संख्या में मजदूर बुरी तरह झुलस गए हैं, जिनमें से कई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल, दमकल की गाड़ियां और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य (रेस्क्यू ऑपरेशन) शुरू कर घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए फौरन अस्पताल भेजा गया।
पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना और प्लांट के भीतर फंसे हुए अन्य संभावित लोगों की तलाश करना है।




