चाकू की नोक पर 50 हजार की लूट: कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार, रकम बरामद
स्प्रिंगदार चाकू और 7400 रुपए जब्त, बाकी रकम खर्च करने का खुलासा

बिलासपुर… शहर में दिनदहाड़े चाकू दिखाकर लूट की वारदात सामने आई, जहां आरोपी ने एक युवक को निशाना बनाते हुए 50 हजार रुपए लूट लिए। सरकंडा थाना पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
चाय दुकान से लौटते वक्त बनाया शिकार
प्रार्थी हेमंत कुमार यादव सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच मोटरसाइकिल से नूतन चौक चाय पीने गया था। वहीं मौजूद आरोपी अतुल यादव ने उसकी जेब में रखे पैसों पर नजर रखी। वापसी के दौरान नूतन कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन के पास आरोपी ने चाकू दिखाकर युवक को धमकाया और 50 हजार रुपए लूट लिए।

कुछ ही घंटों में पुलिस का एक्शन
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल टीम गठित की। घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल कर ली।
7400 रुपए और चाकू बरामद
आरोपी के कब्जे से 7400 रुपए और एक स्प्रिंगदार धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि लूट की बाकी रकम आरोपी खर्च कर चुका है।
आर्म्स एक्ट में भी कार्रवाई
मामले में आरोपी के खिलाफ लूट के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपी सलाखों के पीछे
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।




