बिलासपुर…हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर जैसे वाहनों में घूमकर रात के अंधेरे में ट्रकों की टंकियां तोड़ने वाले तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह के कब्जे से वाहन, चाकू, नगदी और चोरी किया गया डीजल बरामद किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने एसीसीयू और थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर विशेष ऑपरेशन चलाया था। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और लगातार रेड कार्रवाई के बाद गिरोह तक पुलिस पहुंच सकी।

रात में हाईवे पर उतरता था डीजल गैंग

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हाईवे किनारे खड़े ट्रकों की रेकी करते थे और फिर देर रात डीजल टंकी तोड़कर ड्रमों में डीजल भरकर फरार हो जाते थे। विरोध करने पर मारपीट और हथियार दिखाने से भी पीछे नहीं हटते थे।

18 मई 2026 को सिरगिट्टी स्थित बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े वाहन से डीजल चोरी के दौरान विरोध करने पर आरोपियों ने प्रार्थी के साथ मारपीट की थी।

इसके बाद 24 मई को कोनी क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक CG 10 BL 8136 की टंकी तोड़कर लगभग 100 लीटर डीजल लूट लिया गया। वहीं 28 मार्च को सेंदरी के पास नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रेलर से करीब 270 लीटर डीजल चोरी किया गया था।

कई जिलों में फैला था नेटवर्क

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बिलासपुर ही नहीं बल्कि बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और कोनी हाईवे क्षेत्रों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस के मुताबिक यह कोई सामान्य चोरी नहीं बल्कि संगठित “डीजल सिंडिकेट” की तरह संचालित नेटवर्क था।

तीन आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश

गिरफ्तार आरोपियों का नाम संजय कुमार कुर्रे, मणीशंकर कुर्रे और अमित भारद्वाज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, रेनॉल्ट ट्राइबर, एक धारदार चाकू, कुल ₹2600 नगद और 74 लीटर डीजल बरामद किया है।

पूरा सिंडिकेट जल्द होगा ध्वस्त

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने बताया गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार दबिश दे रही है। हाईवे पर सक्रिय इस पूरे नेटवर्क को जल्द पूरी तरह खत्म किया जाएगा।